रायपुर, (संवाद साधना)। कांकेर के मालगांव की पहाडिय़ों में तेंदुआ देखा गया है। वह पहाड़ी पर बैठक अपने शिकार की रेकी करता है और शाम होते ही हमला कर देता है। तेंदुए की आमद से आसपास के इलाकों में दहशत है। तेंदुआ अब रहवासी क्षेत्र में खुलेआम दिखाई दे रहा है।
हाल ही में तेंदुआ हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के बाद कोडेजूंगा गांव में देखा गया। शिवनगर में उसने दो मुर्गियों का शिकार किया। अब उसने अपनी लोकेशन बदल दी। आज वो मालगांव की पहाडय़िों में दिखाई दिया। इससे स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। ग्रामीण रात में घर से बाहर निकलने से डर रहे हैं। दुधावा क्षेत्र में एक आदमखोर तेंदुए ने 2024 की शुरुआत से अब तक 6 लोगों और बच्चों पर हमला किया है। कई जगह तेंदुए के घरों में घुसने की घटनाएं भी सामने आई हैं। इससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति गंभीर हो गई है।
वन विभाग बनाए हुए है नजर
वन मंडल अधिकारी रौनक गोयल ने बताया कि तेंदुए पर लगातार नजर रखी जा रही है। अब तक तीन बार तेंदुए के आने की सूचना मिली है। क्षेत्र में संरक्षित पहाड़ी होने के कारण तेंदुए आसानी से दिखाई देते हैं। निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जरूरत पडऩे पर तेंदुए को पकडऩे की कार्रवाई की जाएगी।