रायपुर,(संवाद साधना)। त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए, पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए चार प्रमुख बाजार जोन में विभाजन कर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। इसका उद्देश्य है कि खरीदारी के दौरान न तो जाम की स्थिति बने और न ही किसी प्रकार की अव्यवस्था।

शहर को चार बाजार जोन में विभाजित
यातायात एएसपी डॉ प्रशात शुक्ला ने बताया कि एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह के निर्देश पर शहर को चार प्रमुख बाजार जोनों में बांटा गया है। पंडरी तेलीबांधा, गोल सदर बाजार क्षेत्र, पुरानी बस्ती / लाखे नगर बाजार क्षेत्र इन सभी क्षेत्रों में वाहन चालकों के सुगम आवागमन और ग्राहकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया है। डीएसपी यातायात सतीश ठाकुर और गुरजीत सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस के अधिकारियों और जवानों की टीम लगातार पेट्रोलिंग कर रही है।

टीम प्रहरी की संयुक्त कार्रवाई जारी
बाजारों में सडक़ पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध रायपुर पुलिस और नगर निगम की टीम प्रहरी द्वारा संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। कोतवाली चौक से बैजनाथ पारा तक चले अभियान में सडक़ों पर फैले दुकानदारों के अवैध कब्जों पर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 27 टेबल, 8 कपड़ा लटकन चक्का, 10 पाइप स्टैंड, 5 कुर्सी, 17 डमी पुतले, 13 लोहा स्टैंड और 12 कुर्सियाँ जब्त की हैं।

त्योहारी जाम रोकने के लिए अपील
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि त्योहार के दौरान खरीदारी करते समय वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही पार्क करें।
दुकानदारों से भी आग्रह किया गया है कि सामान को सडक़ पर न फैलाएं, ताकि बाजारों में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।



