0 फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा ने मुख्यमंत्री से की मांग
रायपुर,(संवाद साधना)। प्रदेश के शासकीय सेवकों को दीपावली से पहले वेतन देने की मांग की गई है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखा है। इसमें श्री वर्मा ने शीघ्र वेतन भुगतान का आग्रह किया है।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में फेडरेशन के प्रदेश संयोजक श्री वर्मा ने लिखा है कि दीपावली का पर्व हमारे समाज में उल्लास, आनंद और समृद्धि का प्रतीक है। यह अवसर परिवारों के साथ खुशियां बांटने, घरों को सजाने तथा आत्मीय संबंधों को सुदृढ़ करने का होता है। इस विशेष अवसर पर प्रदेश के कर्मचारियों एवं अधिकारियों के परिवारों में उत्साह और प्रसन्नता का वातावरण बना रहे, इसके लिए अनुरोध है कि राज्य शासन द्वारा उन्हें दीपावली के पूर्व वेतन का भुगतान किया जाए।
श्री वर्मा ने लिखा है कि छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रस्ताव पर गत मंत्रिपरिषद् की बैठक में ‘अर्जित वेतन तक पहुंच योजना को अनुमोदित किया गया है। उक्त योजना का उद्देश्य यह है कि आपातकालीन अथवा अप्रत्याशित खर्च की स्थिति में शासकीय सेवक अपने अर्जित वेतन का आहरण कर सकें। फेडरेशन की तरफ से मुख्यमंत्री से निवेदन किया गया है कि राज्य के कर्मचारियों के वेतन का भुगतान दीपावली पूर्व करने हेतु आवश्यक आदेश प्रदान करने की कृपा करें, जिससे वे यह पर्व आर्थिक सशक्तता और हर्षोल्लास के साथ मना सकें। हमें विश्वास है कि आपके संवेदनशील नेतृत्व में इस संबंध में शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।



