Latest Posts

इंजीनियर युवक पर बीयर पिलाकर नाबालिग दोस्त की हत्या का आराे, 5 दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा

– पेट्रोल डालकर शव जलाया

 

रायपुर,(संवाद साधना)।शहर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र से सामने आए जले हुए शव के मामले ने दोस्ती और विश्वास की सीमाओं को झकझोर दिया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि सिद्धार्थ भतपहरी की हत्या उसके इंजीनियर दोस्त तरुण शुक्ला ने की थी। वजह सिर्फ इतनी थी कि सिद्धार्थ ने कुछ दिन पहले तरुण को सबके सामने थप्पड़ मार दिया था। इसी अपमान का बदला लेने के लिए तरुण ने खौफनाक साजिश रची।

बीयर पिलाकर दोस्त को मौत के घाट उतारा
मंदिर हसौद थाना प्रभारी आशीष यादव ने बताया कि 8 अक्टूबर की शाम तरुण ने अपने दो दोस्तों के साथ सिद्धार्थ को शराब पीने के बहाने बुलाया। तीनों उसे जिंदल स्टील प्लांट के पीछे सुनसान इलाके में ले गए। वहां पहले बीयर पिलाई, फिर अचानक तरुण ने बोतल से सिद्धार्थ के सिर और गर्दन पर वार कर दिया। जब वह गिर पड़ा तो पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी गई।

सबूत मिटाने के लिए पेट्रोल डालकर शव जलाया
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हत्या के बाद तरुण ने पेट्रोल पंप से तेल खरीदा और देर रात मौके पर लौटकर शव को आग के हवाले कर दिया, ताकि पहचान न हो सके। अगली सुबह राहगीरों ने आधा जला शव देखा और पुलिस को सूचना दी।

तकनीकी साक्ष्य से फंसा आरोपी
फोरेंसिक टीम ने मौके से बीयर की बोतल, पत्थर और पेट्रोल का डिब्बा जब्त किया। मोबाइल लोकेशन और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने तरुण शुक्ला और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी अब भी फरार है।

Latest Posts

Don't Miss