– सीएम साय ने ली डीएफओ की बैठक
– कलेक्टर-एसपी के बाद डीएफओ कान्फ्रेंस
रायपुर,(संवाद साधना)। छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने सोमवार को वन मंडलाधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने वनों से आजीविका के तहत तेंदूपत्ता संग्राहकों को लाभान्वित करने पर चर्चा की। सीएम ने कहा- तेंदूपत्ता का भुगतान सात से 15 दिनों में किया जाना सुनिश्चित कर भुगतान की जानकारी मैसेज के माध्यम से संग्राहक के मोबाइल पर भेजने की व्यवस्था करें। लगभग 15 लाख 60 हजार संग्राहक को जानकारी ऑनलाइन हुई है। सभी भुगतान बैंक खातों के माध्यम से किया जाना सुनिश्चित करें।
सीएम साय ने कहा- तेंदूपत्ता संग्रहण की पूरी प्रक्रिया को कंप्यूटरीकृत करने की पहल हो। वहीं सीएम ने बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर, जिलों में पिछले सीजन में हुए तेंदूपत्ता संग्रहण की जानकारी ली। आने वाले सीजन के लिए कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। कहा कि, लघु वनोपजों को वनाचलों में आजीविका का महत्वपूर्ण साधन के रूप में विकसित किया जाए।

छतीसगढ़ हर्बल को करें प्रमोट
सीएम साय ने लधु वनोपज आधारित स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए अफसरों को निर्देश दिए। साथ ही वन धन केन्द्रों को मजबूत करने के लिए कहा है।इसके अलावा सीएम साय ने कहा- छतीसगढ़ हर्बल और संजीवनी के उत्पादों को प्रमोट करें। ग्रामीण-शहरी इलाकों में इन उत्पादों को अधिक से अधिक विक्री का प्रयास करे ताकि इसका मार्केट विकसित हो। उत्पादों का जैविक प्रमाणीकरण तेजी से करें।



