Latest Posts

कांग्रेस नेता एक परिवार के चरण छूने में खप गए:ठाकुर

– 140 साल पुरानी कांग्रेस संगठन सृजन के लिए विवश हो रही

रायपुर,(संवाद साधना)। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कांग्रेस के संगठन सृजन पर कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि 140 साल पुरानी हो चली कांग्रेस को अब फिर संगठन सृजन के लिए विवश होना पड़ रहा है, एक राजनीतिक दल के लिए वैचारिक कंगाली और दयनीय दशा की इससे बड़ी मिसाल शायद ही कहीं देखने को मिले।
कांग्रेस में राजनीतिक आपदा
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व का छत्तीसगढ़ के अपने नेताओं से भरोसा उठ चुका है, शायद इसी कारण से यहां जिला अध्यक्ष बनाने के लिए फैसले दिल्ली में लिए जा रहे हैं। यहां के नेताओं की आपसी सिर-फुटव्वल के कारण कांग्रेस कई धड़ों में बंटी हुई साफ नजर आ रही है और अब कांग्रेस हाईकमान को जिला अध्यक्षों की नियुक्ति तक के काम में सीधी दखल देनी पड़ रही है। कांग्रेस का गुटीय घमासान अब कांग्रेस में राजनीतिक आपदा का रूप ले चुका है। कांग्रेस हाईकमान को कभी भी आदिवासी नेतृत्व पर भरोसा नहीं रहा है, शायद इसीलिए बैज को फ्री हैंड नहीं दिया गया और दिल्ली से आब्जर्वर भेजे जा रहे हैं। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेता एक परिवार के चरण छूने में खप गए, खप रहे हैं; लेकिन अपने कार्यकर्ताओं के मन को कभी छू नहीं पाए।
पायलट के सभी प्रोजेक्ट फेल
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश के कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट भी यहां के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट नहीं कर पा रहे हैं। पायलट के तमाम पायलट प्रोजेक्ट छत्तीसगढ़ में जिस तरह एक-एक करके फेल हो रहे हैं, उससे यह साफ हो रहा है कि कांग्रेस नेतृत्वविहीन हो चली है और हर मौके पर यह पोल खुलती जा रही है। आज हालत यह है कि किसी एक का नेतृत्व कांग्रेस को स्वीकार नहीं है। कांग्रेस में जो द्वंद्व की स्थिति है, उससे प्रदेश के नेता ही निपट नहीं पा रहे है तो सचिन पायलट इन हालात में कैसे कांग्रेस की नैया पार लगा पाएंगे और कैसे गुटीय संघर्ष की काजल-कोठरी में खुद को बेदाग व सुरक्षित रख पाएंगे?

Latest Posts

Don't Miss