– आरोपियों से 50 मोबाइल, 10 डेस्कटॉप कंप्यूटर, सिम कार्ड, 60 बैंक अकाउंट कीट बरामद
– गिरफ्तार आरोपियों ने देश के विभिन्न राज्यों के 500 से अधिक लोगों के साथ धोखाधड़ी की है
रायपुर, (संवाद साधना)। मैट्रिमोनियल साइट बनाकर लोगों को वर वधू का फर्जी फोटो दिखाकर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले सूरदा, सिंधईकेला, बलांगीर ओडिशा निवासी गजसिंघ सुना (32), भाटिया, कल्याणपुर, द्वारिका गुजरात निवासी भिखु सचदेव (32), काठाकोनी, तखतपुर बिलासपुर निवासी साहिल कौशिक (23), अरविंद नगर, कटोरा तालाब रायपुर निवासी हर्षित शर्मा (18) को साइबर रेंज थाना व डीडी नगर पुलिस संयुक्त टीम नेे घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपियों के पास से 50 मोबाइल, 10 डेस्कटॉप कंप्यूटर, सिम कार्ड, 60 बैंक अकाउंट कीट बरामद की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आईजी अमरेश मिश्रा के निर्देशानुसार साइबर क्राईम पोर्टल में रिपोर्टेड म्यूल बैंक अकाउंट के विरुद्ध थाना डीडी नगर में एचडीएफसी बैंक में खुले 79 म्यूल बैंक अकाउंट पर अपराध क्रमांक 424/25 एवं थाना आजाद चौक में साउथ इंडियन बैंक में खुले 17 म्यूल बैंक अकाउंट पर 283/25 धारा 317(2), 317(4), 317(5), 111, 3(5) भारतीय न्याय संहिता पंजीबद्ध कर विवेचना रेंज साइबर थाना रायपुर द्वारा की जा रही है। विवेचना कार्रवाई में साइबर क्राईम पोर्टल की रिपोर्ट, बैंक खाता में हुए ट्रांजैक्शन, एक ही व्यक्ति के अधिक बैंक अकाउंट एवं अन्य तकनीकी साक्ष्य के आधार पर गोल चौक डगनिया में जीवन जोड़ी, रॉयल रिश्ते के नाम से बनाए गए फर्जी कार्यालय एवं कटोरा तालाब में ई रिश्ता के नाम से बनाए गए फर्जी कार्यालय में छापेमारी की गई। आरोपियों से पूछताछ एवं उनके मोबाइल के तकनीकी विश्लेषण से जानकारी प्राप्त हुई है कि इनके द्वारा चीन नागरिकों के लिए देश के विभिन्न शहरों में व्याप्त साइबर अपराधियों के नेटवर्क के माध्यम से मनी लाउंड्रिंग के लिए म्यूल बैंक एकाउंट्स का लेनदेन किया जाता था। म्यूल एकाउंट का कंट्रोल एपीके के माध्यम से किया जाता था।
मिलता था कमीशीन
बैंक खाता में हुए ट्रांजेक्शन की रकम के मुताबिक सभी को उनका कमीशन मिलता था। बैंक से भी ऐसे म्यूल बैंक अकाउंट की लगातार जानकारी प्राप्त की जा रही है, जिसमें बड़ी मात्रा में या असामान्य ट्रांजैक्शन हो रहे हैं। आरोपियों से पूछताछ में और भी बहुत से लोगों के नाम सामने आये हैं जो इन बैंक खातों का उपयोग ठगी करने के लिये करते थे। म्यूल बैंक अकाउंट प्रकरण में संलिप्त सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। प्रकरण में व्यापक अनुसंधान जारी है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।





