रायपुर , संवाद साधना। बीसीसीआई के नव-नियुक्त संयुक्त सचिव प्रभतेज सिंह भाटिया ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में कहा कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ में क्रिकेट सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। राज्य में जूनियर और सीनियर स्तर पर अधिक बोर्ड मैच कराने और नए मैदान विकसित करने पर विशेष ध्यान रहेगा। भाटिया ने छत्तीसगढ़ सरकार को क्रिकेट अकादमी के लिए जमीन उपलब्ध कराने के लिए धन्यवाद दिया और राज्य क्रिकेट संघ की नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बीसीसीआई का उद्देश्य राज्यों में भी क्रिकेट को नई ऊंचाई तक पहुंचाना है, ताकि छत्तीसगढ़ जैसे उभरते राज्यों से भी खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकें। उन्होंने भारतीय टीम को एशिया कप जीतने पर बधाई दी और मजाकिया अंदाज में कहा-कुछ समय पहले पाकिस्तान की टीम ट्रॉफी लेकर चली गई थी, लेकिन अब वही ट्रॉफी भारत के पास है और हम इसे बरकरार रखने के लिए लगातार मेहनत करेंगे। इसी बीच, एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) ने भी ट्रॉफी विवाद पर सख्ती दिखाई है। एसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी को निर्देश दिया है कि ट्रॉफी, जो फिलहाल उनके होटल में रखी बताई जा रही है, तुरंत ऑफिस में जमा कराई जाए। परिषद ने स्पष्ट किया है कि ट्रॉफी किसी की व्यक्तिगत संपत्ति नहीं बल्कि टूर्नामेंट की धरोहर है।
छत्तीसगढ़ में क्रिकेट के भविष्य, बीसीसीआई की योजनाएं और भारत–पाकिस्तान एशिया कप फाइन मैच पर भी चर्चा
– बीसीसीआई संयुक्त सचिव श्री प्रभतेज सिंह भाटिया
प्रश्न 1. रायपुर आगमन पर आपका स्वागत है। सबसे पहले बताइए, बीसीसीआई में संयुक्त सचिव पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद आपकी प्राथमिकता क्या होगी?
उत्तर: मेरी प्राथमिकता देशभर में क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना है। साथ ही खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराना ताकि भारत क्रिकेट में हमेशा अग्रणी बना रहे।
प्रश्न 2. छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों के लिए आपके क्या संदेश हैं?
उत्तर: छत्तीसगढ़ में क्रिकेट की अपार संभावनाएं हैं। यहां के खिलाड़ी मेहनती और प्रतिभाशाली हैं। बीसीसीआई का पूरा सहयोग उन्हें मिलेगा।
प्रश्न 3. आपने प्रेस वार्ता में इंफ्रास्ट्रक्चर का जिक्र किया। क्या छत्तीसगढ़ में नए स्टेडियम या मैदान बनाने की योजना है?
उत्तर: हाँ, हमारा लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ में और अधिक बोर्ड लेवल के मैच हों। इसके लिए नए मैदान और आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के प्रयास होंगे।
प्रश्न 4. छत्तीसगढ़ सरकार ने क्रिकेट अकादमी के लिए जमीन उपलब्ध कराई है। इस पर आपका क्या कहना है?
उत्तर: इसके लिए मैं सरकार का आभारी हूँ। यह कदम यहां के खिलाड़ियों के भविष्य को नई दिशा देगा। हम उम्मीद करते हैं कि सरकार आगे भी सहयोग करती रहेगी।
प्रश्न 5. छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की नई कार्यकारिणी को आप किस रूप में देखते हैं?
उत्तर: मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूँ। मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ क्रिकेट लगातार प्रगति करेगा।
प्रश्न 6. जूनियर और सीनियर स्तर के खिलाड़ियों के लिए बीसीसीआई किस तरह की पहल करेगी?
उत्तर: हम छत्तीसगढ़ में अधिक से अधिक टूर्नामेंट आयोजित करेंगे। इससे खिलाड़ियों को बड़े स्तर पर खेलने का मौका मिलेगा और उनकी प्रतिभा निखरेगी।
प्रश्न 7. हाल ही में भारत ने एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान को हराकर चैंपियनशिप जीती। इस जीत को आप कैसे देखते हैं?
उत्तर: यह जीत भारतीय क्रिकेट की ताकत और खिलाड़ियों की मेहनत का नतीजा है। टीम ने देश की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए शानदार प्रदर्शन किया।
प्रश्न 8. भारत–पाकिस्तान मुकाबलों को लेकर हमेशा खास उत्साह रहता है। आपके हिसाब से यह जीत कितनी अहम है?
उत्तर: भारत–पाकिस्तान मैच सिर्फ खेल नहीं बल्कि भावनाओं से जुड़ा होता है। इस जीत ने पूरे देश को गर्व का अहसास कराया और टीम की एकजुटता को साबित किया।
प्रश्न 9. आने वाले समय में भारतीय टीम से आपकी क्या अपेक्षाएं हैं?
उत्तर: हमारी टीम लगातार बेहतर प्रदर्शन करे और विश्व क्रिकेट में भारत की बादशाहत बनी रहे, यही अपेक्षा है।
प्रश्न 10. अंत में, आप छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ियों को क्या संदेश देना चाहेंगे?
उत्तर: मैं कहना चाहूंगा कि मेहनत, अनुशासन और समर्पण से बड़ा कोई शॉर्टकट नहीं है। क्रिकेट को जुनून की तरह खेलें, सफलता जरूर मिलेगी।



