Latest Posts

कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को प्रदेश नेतृत्व पर भरोसा नहीं रहा: देवलाल ठाकुर

रायपुर,(संवाद साधना)। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व का छत्तीसगढ़ के अपने नेताओं से भरोसा उठ चुका है। इसी कारण से प्रदेश में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष बनाने के लिए फैसले दिल्ली में लिए जा रहे हैं और इस काम के लिए आब्जर्वर भेजे जा रहे हैं। श्री ठाकुर ने कहा कि यहाँ के नेताओं की आपसी सिर-फुटव्वल के कारण कांग्रेस के हाईकमान को इस प्रकार के निर्णय लेने पड़ रहे हैं।
कई धड़ों में बंटी कांग्रेस
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि कहीं-न-कहीं कांग्रेस दो या कई धड़ों में बँटी हुई साफ नजर आ रही है।पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की कांग्रेस एक अलग तरीके से काम कर रही है तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की कांग्रेस अलग तरह से काम कर रही है। इधर, कांग्रेस हाईकमान को कभी भी आदिवासी नेतृत्व पर भरोसा नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में एक तरफ कार्यकर्ताओं को स्लीपर सेल, सत्ता-सुखभोगी, चमचा कहकर अपमानित किया जा रहा है, तो दूसरी तरफ बड़े नेताओं के अपमान का क्रम भी शुरू हो गया है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी की मौजूदगी में एक पूर्व आदिवासी मंत्री को माइक छीनकर बोलने से रोककर जिस तरह से कांग्रेस के लोगों ने अपमानित किया, पूरा प्रदेश उसका साक्षी है। लेकिन कांग्रेस ने कभी इस मुद्दे पर एक शब्द तक नहीं बोला। यहाँ तक कि अजजा वर्ग के पूर्व मंत्री को अपमानित करने वाले पदाधिकारी को नोटिस तक जारी करने या उनसे पूछताछ करने के लिए सबने मुँह में दही रखा है। कांग्रेस इस वक्त छत्तीसगढ़ में मुद्दों के गम्भीर संकट से जूझ रही है।

Latest Posts

Don't Miss