-कांग्रेस के आरोपों पर रायपुर जिला भाजपा अध्यक्ष का पलटवार
रायपुर,(संवाद साधना)। भाजपा के रायपुर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस का काम ही झूठ फैलाना और जनता को गुमराह करना है। सत्ता से बाहर होते ही ये लोग सिर्फ रोने-धोने और नाटक करने में लगे रहते हैं। उन्होंने कहा कि गायों की मौत को लेकर कांग्रेस जो आंकड़े पेश कर रही है, वह पूरी तरह से झूठ और मनगढ़ंत है। असलियत यह है कि कांग्रेस सरकार के समय ही सबसे ज़्यादा गाय भूख, बीमारी और तस्करी का शिकार हुईं।
बैज को गायों की चिंता नहीं बल्कि राजनीति की भूख है
भाजपा जिलाध्यक्ष ठाकुर ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि दीपक बैज जैसे नेताओं को गायों की चिंता नहीं, बल्कि सिर्फ़ राजनीति की भूख है। कांग्रेस ने ही गौठान योजना को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था। हज़ारों करोड़ रुपया कांग्रेसियों ने डकार लिया और ज़मीन पर गायों को भूखा मरने के लिए छोड़ दिया। अब वही लोग मगरमच्छ के आंसू बहा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में ही गाय तस्करी और बीफ़ निर्यात को बढ़ावा मिला। आज वे लोग भाजपा सरकार पर आरोप लगा रहे हैं, जबकि सच यह है कि कांग्रेस के नेता ही गौ तस्करों के संरक्षणकर्ता रहे हैं।
हर जिले में हो रही गौशालाओं की निगरानी
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की आदत है कि जब जनता सवाल पूछे तो वे ध्यान भटकाने के लिए गाय, मंदिर और धर्म के नाम पर ड्रामा करने लगते हैं। लेकिन जनता अब कांग्रेस का असली चेहरा पहचान चुकी है। भाजपा सरकार गौ माता की सेवा और संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। हर जिले में गौशालाओं की निगरानी हो रही है और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ़ सख्त कार्यवाही की जा रही है।



