Latest Posts

ईडी की बड़ी कार्रवाई :रायपुर, बिलासपुर और धमतरी में एक साथ छापा

कस्टम मिलिंग घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच में कई व्यापारियों के ठिकानों पर दबिश

रायपुर, (संवाद साधना)। प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार को सुबह एक बार फिर राज्य में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। राजधानी रायपुर, बिलासपुर और धमतरी समेत कई जिलों में ईडी की टीमों ने अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापामारी की।
शुरुआती जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई कस्टम मिलिंग घोटाले से जुड़ी मानी जा रही है। सूत्रों का कहना है कि घोटाले की रकम को प्रॉपर्टी की खरीद-बिक्री में इस्तेमाल किए जाने की जानकारी एजेंसी को मिली थी, जिसके आधार पर यह जांच शुरू की गई है। हालांकि अभी तक ईडी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है।

रामगढ़ पर्वत संरक्षण को लेकर केंद्र ने छत्तीसगढ़ सरकार को भेजा पत्र, कोल खदानों से खतरे की आशंका

 

बड़े कारोबारी जांच के निशाने पर
कार्रवाई के दौरान रायपुर में रहेजा ग्रुप के संचालक संजय रहेजा के ठिकानों पर ईडी की टीम ने छापा मारा। वहीं बिलासपुर में सुल्तानिया ग्रुप से जुड़ी मीनाक्षी सेल्स के कई कार्यालयों और परिसरों में भी छापा मारा गया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई वित्तीय लेन-देन में अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग की आशंकाओं को लेकर की गई है। सुबह से ही ईडी की टीमें संबंधित ठिकानों में मौजूद दस्तावेज की गहन जांच करती रहीं। इस दौरान स्थानीय पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए मौके पर मौजूद रही।

गाेदावरी स्टील प्लांट में हादसा, मजदूरों की मौत, दर्जनों दबे

रियल एस्टेट कारोबार में गड़बडिय़ों के सुराग
सूत्रों के अनुसार ईडी की ताजा कार्रवाई का फोकस रियल एस्टेट और कारोबारी लेन-देन में संभावित अनियमितताओं पर है। एजेंसी को संदेह है कि घोटाले से प्राप्त रकम को संपत्तियों में निवेश करके मनी लॉन्ड्रिंग की गईं। राज्य में बीते कुछ महीनों से ईडी की कई बड़ी कार्रवाइयां हो चुकी हैं, जिनमें शराब घोटाला और अन्य वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामले प्रमुख हैं। ताजा छापामारी इन्हीं जांचों का हिस्सा मानी जा रही है।

बिलासपुर में सुल्तानिया परिवार के घर पर दबिश
बिलासपुर में ईडी की टीम ने शुक्रवार तडक़े ही बड़ी कार्रवाई करते हुए मीनाक्षी ट्रेडर्स के संचालक सुल्तानिया परिवार के क्रांति नगर स्थित आवासीय और व्यावसायिक परिसरों को घेर लिया। टीम ने घर और दफ्तर में घुसकर बंद कमरों में दस्तावेज की गहन तलाशी शुरू की। बताया गया है कि मंगला चौक के पास स्थित उनके दूसरे मकान में फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं हुई है। छापामारी वित्तीय लेन-देन और कोयला कारोबार से जुड़ी गड़बडिय़ों के सुरागों को ध्यान में रखकर की जा रही है।

जांच जारी
ईडी ने अब तक इस छापामारी पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है और न ही सुल्तानिया परिवार या मीनाक्षी ट्रेडर्स की ओर से कोई प्रतिक्रिया आई है। टीम वर्तमान में दस्तावेज की जांच और पूछताछ की प्रक्रिया में जुटी है। किस खास मामले से जुड़े सबूत बरामद हुए हैं, इस पर फिलहाल कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि ताजा कार्रवाई से स्पष्ट है कि ईडी छत्तीसगढ़ में आर्थिक अपराधों और मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों पर लगातार शिकंजा कस रही है।

Latest Posts

Don't Miss