Latest Posts

गाेदावरी स्टील प्लांट में हादसा, मजदूरों की मौत, दर्जनों दबे

मौत का आंकड़ा बढऩे की आशंका
रायपुर।(संवाद साधना)। राजधानी के औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा में शुक्रवार शाम को दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। निर्माणाधीन स्टील प्लांट में हैवी मशीनरी और सिल्ली गिरने से 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जनों मजदूर अब भी मलबे में दबे होने की आशंका है। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शाम करीब पांच बजे जोरदार धमाके के साथ प्लांट का निर्माणाधीन हिस्सा भरभराकर गिर गया। मजदूरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और सब मलबे में दब गए।

रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी और क्रेन की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। अब तक आधा दर्जन घायलों को बाहर निकालकर अंबेडकर अस्पताल, पंडरी जिला अस्पताल और देवेंद्र नगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से दो की हालत गंभीर है।

चौकी प्रभारी बोले – मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है
सिलतरा चौकी प्रभारी राजेंद्र कंवर ने बताया कि रेस्क्यू जारी है, मलबे में दबे मजदूरों की संख्या अधिक हो सकती है। अभी 6 मौत की पुष्टि हुई है। मौत का आंकड़ा और बढ़ सकता है। मृतकों में आसपास के गांव के साथ कुछ बाहर राज्य से आए हुए कर्मचारी है।

सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

हादसे ने एक बार फिर फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों की पोल खोल दी है। मजदूरों के मुताबिक, प्लांट निर्माण के दौरान बेसिक सेफ्टी प्रोटोकॉल तक का पालन नहीं किया गया था। हादसे के बाद सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है। मृत मजदूरों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Latest Posts

Don't Miss