– दोनों ने गला घोंटकर फांसी पर लटकाया, नाखून में फंसी चमड़ी से हुआ खुलासा
रायपुर,(संवाद सांधना)। खमतराई पुलिस को उरकुरा इलाके में 20 महीने पूर्व हुई क्रांति साहू(44)की हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। पुलिस ने महिला के बेटे धर्मराज साहू और उसके पति डोमार सिंह साहू को गिरफ्तार किया है। हत्या का राज डीएनए रिपोर्ट से खुला। पुलिस के अनुसार 29 जनवरी 2024 को महिला की लाश अंबेडकर अस्पताल लाई गई थी। पति-बेटे ने पुलिस को बताया था कि महिला ने फांसी लगाई थी, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में 13 जगह चोट के निशान और गला दबाने से मौत की पुष्टि हुई। संदेह बढऩे पर पुलिस ने महिला के नाखून में फंसी चमड़ी का डीएनए जांच के लिए भेजा, जिसकी रिपोर्ट से दोनों आरोपियों की पहचान पुख्ता हुई। पूछताछ में दोनों बार-बार बयान बदलकर पुलिस को गुमराह कर रहे थे।

बाप-बेटे का लिया गया डीएनए सैंपल
डॉक्टरों ने कांति साहू के दोनों हाथ के नाखून से सैंपल लिया था। साथ ही दोनों बाप-बेटे पर पुलिस को शक होने की वजह से उनका डीएनए सैंपल भी लिया गया। डीएनए जांच के दौरान एक्सपर्ट ने डोमार साहू और धरम राज साहू के ब्लड सैम्पल से मिले। डीएनए प्रोफाइल और मृतिका के नाखून में फंसे मिले चमड़ी के डीएनए को मैच किया, जिनका मिलान हो गया।
घरेलू विवाद में की थी हत्या
इसके बाद पुलिस ने दोनों बाप बेटों से कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। दोनों आरोपियों ने बताया कि, घरेलू विवाद के बाद उन्होंने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी, लेकिन फंस जाने के डर से हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए लाश को फंदे पर लटका दिया था। पुलिस ने मंगलवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।



