Latest Posts

6 साल की बच्ची को अगरबत्ती से जलाया, टीचर को स्कूल प्रबंधन ने नौकरी से निकाला

रायपुर, (संवाद साधना)। सुंदर नगर स्थित कृष्णा किड्स एकेडमी स्कूल में 6 साल की बच्ची को अगरबत्ती से जलाने का आरोप महिला टीचर पर लगा है। पेरेंट्स की शिकायत के बाद स्कूल प्रबंधन ने टीचर को नौकरी से निकाल दिया है। हालांकि पेरेंट्स की मांग है कि, आरोपी महिला टीचर के खिलाफ क्रिमिनल एक्शन हो।

इस मामले के शिकायत मिलने के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी स्कूल पहुंचे थे। उनका कहना है कि बच्ची और पेरेंट्स का सीडब्ल्यूसी में बयान दर्ज किया जाएगा।
बच्ची के पिता ने बताया कि उनकी 6 साल की बेटी केजी कक्षा में पढ़ाई करती है। परिजन के मुताबिक, 17-18 सितंबर को बच्ची को स्कूल की दीपा टीचर ने अगरबत्ती से जलाया, जिससे बच्ची बुरी तरह डर गई है। वहीं एक अन्य पेरेंट्स ने बताया कि उसकी बच्ची को भी उसी टीचर ने थप्पड़ मारा था।
जिसके बाद चार-पांच दिनों तक बच्ची के दांत में दर्द था। बच्ची बहुत डरी हुई थी वह स्कूल जाने से घबरा रही थी। पेरेंट्स का कहना है कि, छोटे बच्चों को गलती करने पर डांट देना चाहिए, लेकिन इस तरह से मारपीट करने पर बच्चे स्कूल जाने से घबराते हैं। उन्होंने आरोपी टीचर पर सख्त एक्शन की मांग की है।
लगे हैं स्कूल में सभी जगह सीसीटीवी कैमरे
इस मामले में स्कूल प्रबंधन का कहना है कि, बच्ची के साथ मारपीट जैसी कोई बात नहीं है। स्कूल में सभी जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। बाल विभाग की टीम ने सीसीटीवी फुटेज भी चेक किया है। फिलहाल यह जांच का विषय है। प्रबंधन का कहना है कि इस मामले में बच्चों के परिजनों ने टीचर को नौकरी से निकालने का दबाव बनाया, जिसके बाद प्रबंधन ने टीचर को नौकरी से हटा दिया है।
सीसीटीवी फुटेज सौंपने के निर्देश
इस मामले में पेरेंट्स की शिकायत मिलने के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी स्कूल पहुंचे थे। अधिकारियों का कहना है कि, बच्ची की उम्र बहुत छोटी है, जिससे घटना को लेकर वह ज्यादा कुछ नहीं बता पाई। लेकिन स्कूल प्रबंधन को घटना के दिनांक की सीसीटीवी फुटेज सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा बच्ची और उसके परिजनों का सीडब्ल्यूएस के समक्ष पेश कर बयान दर्ज कराया जाएगा। मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Latest Posts

Don't Miss