रायपुर, (संवाद साधना)। आमानाका थाना क्षेत्र के तेंदुआ इलाके में हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और लोहे का पाइप के साथ गिरफ्तार किया है। मामला 14 सितंबर की रात का है, जब अजय साहू उर्फ जागेश्वर अपने दोस्तों के साथ घूमने गया था। उसी दौरान उसका विवाद कुछ युवकों से हो गया। विवाद बढऩे पर आरोपियों ने देसी कट्टा दिखाकर धमकाया और फिर लोहे के पाइप से अजय साहू के सिर पर वार कर गंभीर चोट पहुंचाई। घायल अजय को उसके दोस्तों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने आमानाका पुलिस की टीम बनाई गई। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी सोहेल राणा और दिलशाद अंसारी को पकड़ा। आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल पाइप, देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल जब्त की गई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आम्र्स एक्ट और अन्य धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



