Latest Posts

निगम उद्यान बना दिन में नशेबाजी और रात में छेडख़ानी का अड्डा

– सिटी कोतवाली और महिला थाना के 100 मीटर के दायरे में फिर भी असामाजिक तत्व बेलगाम
-गार्डन में मनचलों का कब्जा, पुलिस बेपरवाह
– शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल, आम नागरिक हो रहे परेशान

रायपुर, संवाद साधना। राजधानी में नशे के सौदागरों पर कार्रवाई जारी है, लेकिन नशे का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। शहर के उद्यानों में अब खुलेआम शराब और गांजा जैसे मादक पदार्थों का सेवन किया जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि पुलिस का डर नशेडिय़ों और मनचलों के बीच खत्म होता दिखा रहा है। निगम मुख्यालय के सामने स्थित गार्डन इसका सबसे बड़ा उदाहरण बन चुका है।
इस गार्डन में हर दिन नशेड़ी और मनचले लडक़े हुड़दंग मचाते नजर आते हैं। उनके डर से आम लोग, खासकर महिलाएं और कॉलेज छात्राएं खुद को असहज महसूस करती हैं, जबकि गार्डन से महज 100 मीटर की दूरी में सिटी कोतवाली और महिला थाना है। इसके बाद भी गार्डन में असमाजिक तत्व बेलगाम तरीके से लोगों को परेशान कर रहे हैं। हालांकि गार्डन के अंदर मौजूद दुकानदारों ने कई बार कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे मनचलों के हौसले और बुलंद होते जा रहे हैं।
छात्राओं को गार्डन के अंदर जाने में लगता है डर
गार्डन के आसपास महंत कॉलेज, डिग्री गल्र्स कॉलेज और गुरुकुल जैसे प्रमुख शिक्षण संस्थान मौजूद हैं। कॉलेज की छुट्टी के बाद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं गार्डन में आते हैं, लेकिन मनचलों की फब्तियों और नशेडिय़ों की उपस्थिति ने माहौल को असुरक्षित बना दिया है। नाम ना छापने की शर्त पर कुछ छात्राओं ने स्वदेश की टीम को इस परेशानी के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि गार्डन के ऑटो के इंतजार में बाहर खड़े रहने पर गंदे कमेंट्स पास किया जाता है। यह कई महीनों से चल रहा है। इन्हीं सब कारणों से अब गार्डन के अंदर जाना भी बंद कर दिए है।
मनचले पाथवे पर मोटरसाइकिल दौड़ाते हैं
गार्डन में आने वाले बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी अब असहज महसूस करने लगे हैं। दुकानदारों का कहना है कि शाम होते ही गार्डन में शराब और गांजा पीने वालों की भीड़ लग जाती है। कई बार तो मनचले पाथवे पर मोटरसाइकिल दौड़ाते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। प्रशासन और पुलिस की निष्क्रियता पर अब सवाल उठने लगे हैं। शहरवासियों की मांग है कि गार्डनों में नियमित पुलिस गश्त हो, सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अजीत राजपूत का कहना है कि किसी भी अपराध की जानकारी अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। यदि शिकायत आएगी तो कार्रवाई करेंगे।

 

Latest Posts

Don't Miss