– गोवंश को तस्करी कर भेजते हैं यूपी, एक हत्थे चढ़ा तो फूटा मामला
– कुरैशी गैंग का बिलासपुर और रायपुर के लोगों से भी संपर्क
रायपुर। जिले में उत्तरप्रदेश का कुरैशी गैंग सक्रिय है। जिले से गोवंशों को वाहनों में ठूंस-ठूंसकर उत्तरप्रदेश भेजा जा रहा है। इस गैंग में कई स्थानीय लोग भी शामिल हैं। इसकी पुलिस जांच करने में जुटी है। पुलिस इस गोवंश तस्करी गैंग का पर्दाफाश करने का दावा कर रही है। गैंग फूटने के बाद स्थानीय स्तर पर कई मददगार के रूप में पुलिस के हवाले हो सकते हैं। पुलिस जांच कर सभी कडियों को एक- दूसरे से जोडऩे का काम कर रही है।
कोटा एसडीओपी नूपुर उपाध्याय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उत्तरप्रदेश का कुरैशी गैंग मवेशी तस्करी करता है। इसमें रायपुर के शाहरुख कुरैशी, कलीम कुरैशी, उत्तरप्रदेश के बिट्टू उर्फ इरफान कुरैशी, अमन आलम का नाम सामने आया है। सभी आरोपी लंबे समय से मवेशी तस्करी के धंधे से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। पुलिस अब इन फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। कुछ गिरफ्तार आरोपियों ने बताया है कि गो वंशों को उत्तर प्रदेश के बूचडख़ाने में ले जाने की तैयारी थी। इस मामले में पुलिस को मवेशी तस्करी के बड़े गिरोह का सुराग मिला है। पुलिस मामले में एंड टू एंड कार्रवाई करते हुए गिरोह के सरगना तक पहुंचने की बात कह रही है। गिरोह के सदस्यों के धरपकड़ के लिए टीम बनाई गई है। टीम के सदस्य हर स्तर पर तस्करों का लिंक तलाश रहे हैं।
ट्रक से 17 भैंस बरामद किया
रतनपुर पुलिस ने खूंटाघाट के पास घेराबंदी कर ट्रक को रोका। ट्रक के अंदर 17 भैंसे भरे थे। उत्तरप्रदेश के हसनपुर दाढ़ी निवासी आरोपी शाहरुख कुरैशी (25) ने पुलिस को बताया कि वह कुरैशी गैंग के लिए काम करता है। अवैध तरीके से मवेशियों को वाहनों में भरकर उत्तर प्रदेश बूचडखाने लेकर जाते हैं। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पशुक्रूरता अधिनियम और छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
एक सप्ताह पहले पचपेड़ी पुलिस ने कार्रवाई की थी
ग्राम जोंधरा में बीते गुरुवार रात नारायण पटेल ने बजरंग दल के सदस्यों को मवेशी तस्करी की जानकरी दी। पुलिस की टीम ने माजदा क्रमांक सीजी 22 आर 8647 को रात 10.30 बजे रुकवा कर देखा तो मवेशी ठूंस-ठूंस कर भरे हुए थे। तत्काल उन्होंने माजदा के केबिन में बैठे लोगों से मवेशियों से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन उनके पास कुछ नहीं मिला। वहान से 25 से 30 मवेशियों को मुक्त किया गया।
वर्जन
बहादुरी के साथ एसडीओपी कोटा के नेतृत्व में उनकी पूरी टीम ने रात में ये ऑपरेशन किया और सफलता प्राप्त की। इसके लिए उनकी पूरी टीम को बधाई।
-रजनेश सिंह, एसएसपी बिलासपुर।
रायपुर, संवाद साधना।



