– युवती को मजाक करने से किया था मना
रायपुर, संवाद साधना। युवती को मजाक करने से मना करना नाबालिग को महंगा पड़ गया। आक्रोशित युवती ने नाबालिग का बाल पकडक़र घसीटा और उसकी चप्पलों से भी पिटाई की है। इतना ही नहीं युवती ने दीवार में सिर टकराकर फोड़ दिया। इससे नाबालिग खून से लथपथ हो गया। इस मामले में नाबालिग की मां ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। यह मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र का है।
पीडि़ता ने बताया कि वह अपने तीन लडक़ों के साथ ईदगाह भाटा रायपुर में रहती है। 30 अगस्त को उसका 14 साल का बेटा लाखे नगर के पास अपने दोस्तों के साथ बैठा हुआ था। इस समय मोहल्ले की रहने वाली शेख सादिया नाबालिग के साथ मजाक करने लगी, जब उसने मना किया तो वह भडक़ गई। उसने नाबालिक का बाल पकड़ कर खींचने लगी। फिर उसकी चप्पलों से जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान आरोपी युवती ने नाबालिग का सिर दीवार से भी टकरा दिया। इससे उसके सिर में चोटे आई हैं। इस घटना के बाद नाबालिग को अस्पताल में भर्ती कराया गया है उसका इलाज जारी है। इस मामले में महिला ने बुधवार को शिकायत दर्ज करवाई है।



