रायपुर, संवाद साधना। सदर बाजार स्थित धाड़ीवाल ज्वेलर्स में नकली सोने का ब्रेसलेट देकर असली सोने की चैन लेकर फरार होने वाली महिला और उसके पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट व कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने की है। मामला दर्ज होने के बाद संयुक्त टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले और मुखबिर सक्रिय किया। इसी बीच पता चला कि महिला के साथ एक पुरुष भी है। इनके पास चार पहिया वाहन है। टीम ने घेराबंदी कर रेलवे रोड थाना अतरपुरा जिला हापु निवासी सविता सिंग उर्फ सपना उर्फ सप्पो (43) और उसके बेटे इशांत उर्फ अनुज वर्मा (23) को गिरफ्तार किया है। टीम के सदस्यों द्वारा घटना में संबंध में पूछताछ करने पर सविता सिंग उर्फ सपना उर्फ सप्पो ने बताया कि इशांत उर्फ अनुज वर्मा उसका पुत्र है तथा उनके द्वारा ठगी की उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने 9 सितंबर को ही जिला बिलासपुर के सदर बाजार स्थित अजय ज्वेलर्स दुकान में भी सोने का नकली ब्रेसलेट देकर सोने का असली ब्रेसलेट लेकर ठगी करना बताया गया है। दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ठगी की 1 नग सोने का ब्रेसलेट, 1 नग सोने का चैन, नकदी रकम 82,170 रुपए और घटना में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया गया।
रिपेयरिंग के बहाने दिया था घटना को अंजाम
पाम रेसीडेंस कटोरा तालाब निवासी शालीभद्र धाडीवाल का सदर बाजार में ज्वेलर्स की दुकान है। 9 सितंबर को आरोपी महिला दुकान में आई और ब्रेसलेट रिपेरिंग करने के बहाने असली सोने की चैन 1.68 लाख रुपए को लेकर फरार हो गई थी। प्रार्थी ने इसकी रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज कराया था।



