रायपुर, (संवाद साधना)। सेंट जोसेफ स्कूल के खेल मैदान में क्रिकेट खेलते समय बिजली गिरने से एक छात्र की मौत हो गई। घटना बुधवार दोपहर 1 बजे की बताई जा रही है। मृतक कक्षा 10वीं का छात्र है। मृत छात्र का नाम प्रभात साहू बताया जा रहा है। मामला राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र का है। रायपुर में आज सुबह से धूप निकली हुई थी, लेकिन दोपहर के बाद अचानक मौसम बदल गया। आसमान पर काले बादल छा गए। गरज-चमक के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। मृतक छात्र की पहचान प्रभात साहू (16) के रूप में हुई है, जो सेंट जोसेफ स्कूल में कक्षा 10वीं सी का छात्र था। जानकारी के अनुसार, स्कूल में छटवां पीरियेड स्पोर्ट्स का चल रहा था। इस दौरान छात्र प्रभात अपने दोस्तों के साथ स्कूल के ही मैदान में फुटबॉल खेल रहा था। स्पोर्ट्स टीचर अन्य छात्रों को कुछ दूर में बास्केट बॉल खेला रहे थे। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरी और छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्कूल प्रबंधन तत्काल छात्र को निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया।
अगले 5 दिनों तक तेज बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार पूरे छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बुधवार को कोरबा, सरगुजा, बलरामपुर, जशपुर, रायगढ़, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर इन 8 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट है। वहीं अन्य जिलों में गरज चमक के साथ बिजली गिर सकती है, आंधी चल सकती है।



