रायपुर, संवाद साधना। रायपुर में बाइक से गांजा तस्करी करने वाले दो आरोपियों को कोर्ट ने 15-15 साल की कठोर कारावास की सजा सुनाई है। यह मामला अप्रैल 2021 में गरियाबंद जिले में सामने आया था, जब पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से छुरा होते हुए रायपुर की ओर बाइक से गांजा तस्करी की जा रही है।


जानकारी मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान की और उन्हें हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 34 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 1.70 लाख रुपये बताई गई। आरोपियों की पहचान गरियाबंद जिले के मनोज ईसाई और योगेश तारक के रूप में हुई। उनके पास से बरामद गांजा को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया। करीब साढ़े तीन वर्षों तक चली सुनवाई के बाद, मंगलवार को एनडीपीएस स्पेशल कोर्ट के जज पंकज कुमार सिन्हा ने दोनों दोषियों को कठोर कारावास की सजा सुनाई। इसके साथ ही कोर्ट ने दोनों पर 1.5 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया। यदि यह जुर्माना अदा नहीं किया गया, तो दोनों को अतिरिक्त सजा भुगतनी पड़ेगी।



