रायपुर, संवाद साधना। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बिलासपुर में मंगलवार को हुई कांग्रेस की रैली को दोहरे राजनीतिक मापदंड का परिचायक बताया है। उन्होंने कहा कि जिस वोट चोरी के नाम पर कांग्रेस के लोग हंगामा कर रहे हैं, उसे दुरुस्त करने के लिए चल रहे एसआईआर का विरोध कांग्रेस को नहीं करना चाहिए। मंगलवार को नया रायपुर स्थित सर्किट हाउस में मीडिया से चर्चा करते ऐसे अनेक नामों का दस्तावेजों के साथ जिक्र किया जिन्होंने गलत जानकारी देकर कवर्धा और राजधानी रायपुर के ही विधानसभा क्षेत्रों के दो-दो पोलिंग बूथ पर दो-दो अलग एपिक नम्बर्स के साथ मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराया है। इन सारे मामलों को लेकर न्यायालय जाएंगे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूरा फर्जीवाड़ा राहुल गांधी के इशारे पर हुआ है और अब इसकी शिकायत कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
समाज में झूठ फैला रही कांग्रेस
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने वोट चोरी के मुद्दे पर कहा कि कांग्रेस समाज में झूठ फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कवर्धा में पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर के इशारे पर बड़े पैमाने पर फर्जी तरीके से मतदाता परिचय पत्र बनाए गए हैं। जिस व्यक्ति का नाम कवर्धा की मतदाता सूची में हैं, उसी व्यक्ति का नाम रायपुर के एक ही विधानसभा क्षेत्र में दो-दो स्थानों पर है। उन्होंने बताया कि फॉर्म-6 के तहत युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाता है, लेकिन इसका दुरुपयोग कर 70 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का नाम भी जोड़ा गया है। इस दौरान डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कई फर्जी मतदाताओं के विस्तृत जानकारी दी।
फर्जी मतदाताओं के खिलाफ कार्रवाई होगी
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि फर्जी मतदाताओं के खिलाफ प्रदेश में कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी। इसकी शिकायत निर्वाचन आयोग में की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर हम न्यायालय में भी जा रहे हैं। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पांच पृष्ठों में ऐसे मतदाताओं के नाम जारी किया है। जो रहते रायपुर में है,लेकिन इन्होंने कवर्धा में मतदान किया था। मालूम हो कि उपमुख्यमंत्री शर्मा ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर को हराया था।
उल्टा चोर कोतवाल को डांटे वाली कहावत चरितार्थ कर रही कांग्रेस
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि यह सब पिछली भूपेश सरकार के मंत्री रहे मो. अकबर के इशारे पर हुआ। अब कांग्रेस वोट चोरी के मामले में उल्टा चोर कोतवाल को डांटे वाली कहावत को चरितार्थ कर रही है। हैरत की बात तो यह है कि इनमें से अनेक उम्रदराज लोगों ने फस्र्ट टाइम वोटर का फॉर्म जमा किया! एसआईआर का विरोध कर रही कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर वह रैली, प्रदर्शन, नारेबाजी के जरिए करना क्या चाह रही है? कांग्रेस एक तरफ वोट चोरी रोकने की बात कह रही है, वहीं दूसरी तरफ वह मतदाता सूचियों के शुद्धिकरण के लिए चल रहे एसआईआर का विरोध कर रही है। अब कांग्रेस बताए कि एसआईआर का विरोध करके वह वोट चोरी को कैसे रोक सकती है? प्रदेश की राजधानी के एक मकान में 350 मतदाताओं के नाम सूची में इरादतन दर्ज कराए जाने की बात कहते हुए श्री शर्मा ने कहा कि एसआईआर का विरोध करके कांग्रेस तो खुद कठघरे में है। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि गलत ढंग से मतदाता सूचियों में नाम दर्ज कराने वाले लोगों के विरुद्ध चुनाव आयोग में शिकायत की गई है और अब उनके खिलाफ एफआईआर कराई जाएगी, दण्डात्मक कार्रवाई कराई जाएगी। इस दौरान मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक मोतीलाल साहू, भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही मौजूद रहे।
उप मुख्यमंत्री के आरोप निराधार, मैने कोई नाम नहीं जुड़वाए: मोहम्मद अकबर
प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद मोहम्मद अकबर ने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के आरोपों का पुरजोर खंडन करते हुए आरोपों को निराधार बताया है। उप मुख्यमंत्री व कवर्धा के विधायक विजय शर्मा ने कवर्धा विधानसभा की मतदाता सूची में बाहरी लोगों का नाम जुड़वाने का आरोप मोहम्मद अकबर पर लगाया था। कवर्धा के पूर्व विधायक मोहम्मद अकबर ने कहा कि विजय शर्मा के आरोप निराधार है। उन्होंने कोई नाम मतदाता सूची में नहीं जुड़वाए हैं।



