रायपुर, संवाद साधना। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरी शंकर अग्रवाल के बेटे नितिन अग्रवाल के 58 लाख रुपए की बैंक धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। नितिन अग्रवाल का फेडरल बैंक की जीई रोड शाखा में खाता है, जहां से 8 सितंबर को बिना उनकी अनुमति के तीन ट्रांजैक्शन में कुल 58.05 लाख रुपए दो अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दी गई।
पीडि़त के अनुसार, बैंक अधिकारियों ने किसी भी प्रकार की अनुमति या जानकारी दिए बिना 29 लाख, 18.05 लाख और 11 लाख रुपए ट्रांसफर किए। मामले की शिकायत आजाद चौक थाने में दर्ज कराई गई, जहां पुलिस ने धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बैंक अधिकारियों को व्हाट्सएप के जरिए नितिन अग्रवाल के लेटरहेड पर पैसे ट्रांसफर करने का संदेश मिला था, जिसके आधार पर यह ट्रांजैक्शन किया गया। हालांकि, इस दस्तावेज की प्रामाणिकता पर अभी संदेह बना हुआ है। पुलिस इस मामले में बैंक अधिकारियों की संभावित मिलीभगत और साइबर फ्रॉड के एंगल से जांच कर रही है।



