रायपुर, संवाद साधना। विश्व फिजियोथेरेपी दिवस के अवसर पर शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय द्वारा एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रात: ऑक्सीज़ोन में आयोजित जागरूकता रैली से हुई, जिसमें आम जनता को फिजियोथेरेपी की भूमिका और स्वस्थ जीवनशैली के लिए इसके महत्व से अवगत कराया गया। इस रैली में कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं सक्रिय रूप से शामिल हुए। रैली के बाद महाविद्यालय परिसर में पोस्टर प्रदर्शनी और संवाद सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें ऑर्थो-मस्कुलोस्केलेटल, न्यूरो, कार्डियो-पल्मोनरी, रीहैबिलिटेशन, बाल एवं महिला स्वास्थ्य और स्पोर्ट्स फिजियोथेरेपी से जुड़ी जानकारियां साझा की गईं।
नाटक के माध्यम से दिया जागरूकता का संदेश
अंबेडकर अस्पताल के स्त्री रोग विभाग में छात्रों ने नाटक के माध्यम से महिलाओं में होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं, जैसे पीसीओडी, गर्भावस्था के दौरान एवं बाद की स्थिति, गर्भाशय का प्रोलैप्स और सर्वाइकल कैंसर के बाद की रिकवरी में फिजियोथेरेपी की उपयोगिता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर यह संदेश दिया गया कि फिजियोथेरेपी न केवल दर्द से राहत देती है, बल्कि मांसपेशियों की मजबूती, लचीलापन और जीवन की गुणवत्ता सुधारने में भी अहम भूमिका निभाती है।



