Latest Posts

मप्र, ओडि़शा व गोवा की सरकारों का आभार: भाजपा अध्यक्ष देव

रायपुर, संवाद साधना। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने बस्तर संभाग में आई भीषण बाढ़ की प्राकृतिक आपदा के इस कठिन समय में मध्यप्रदेश, ओडि़शा और गोवा की राज्य सरकारों द्वारा सहयोग का हाथ बढ़ाने पर अपनी कृतज्ञता ज्ञापित की है। श्री देव ने कहा कि बस्तर में बाढ़ की विभीषिका से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। हजारों लोग बेघर हो गए हैं, खेत-खलिहान जलमग्न हो गए और पशु-धन का भी भारी नुकसान हुआ है। अतिवृष्टि से जन-धन की बड़ी क्षति के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा राहत और पुनर्वास कार्य किए जा रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि उनकी सरकार छत्तीसगढ़ को पांच करोड़ की आर्थिक सहायता और आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराएगी। इसी तरह ओडि़शा के मुख्यमंत्री मोहनचरण मांझी और गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने भी सहायता राशि और राहत सामग्री भेजने का ऐलान किया है। श्री देव ने कहा कि मध्यप्रदेश, ओडि़शा और छत्तीसगढ़ केवल पड़ोसी राज्य नहीं, बल्कि आत्मीय रिश्तों से जुड़े परिवार की तरह हैं। आपदा की घड़ी में तीनों राज्य सरकारों का यह सहयोग बस्तर के प्रभावित जनों को संबल प्रदान करेगा और बस्तर के पीडि़त परिवारों को राहत पहुंचाने में सहायक होगा। इन राज्य सरकारों का यह सहयोग निश्चित ही यह दर्शाता है कि हमारा देश एकजुट होकर हर संकट का सामना कर सकता है।

 

 

 

Latest Posts

Don't Miss