रायपुर, संवाद साधना। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र के रावाभाटा वार्ड नंबर 11 में बीती रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने घर में घुसकर लूट की नीयत से मां-बेटे पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में मां और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए तुरंत एनकेडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित बेटे का नाम मुकेश यादव है, जबकि उसकी मां का नाम दोपती यादव है। वारदात के समय मुकेश घर पर मौजूद था। तभी अचानक कुछ बदमाश घर में घुसे और लूटपाट का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में मुकेश को कई जगह चोटें आईं, वहीं उसकी मां को भी चाकू मारे गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।



