Latest Posts

फर्जी अफसर बनकर लाखों की वसूली करने वाला आरोपी गिरफ्तार

– कारोबारी और पुलिसकर्मी भी बने शिकार, क्राइम ब्रांच ने धर दबोचा

रायपुर, संवाद साधना। रायपुर। राजधानी में खुद को क्राइम ब्रांच और ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध शाखा) का अफसर बताने वाले फर्जी अफसर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी द्वारा लोगों से मोटी रकम वसूलने वाले का आरोप है। आरोपी आशीष घोष उर्फ आशीष शर्मा को क्राइम ब्रांच ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक होटल कारोबारी से उसके छोटे भाई का मामला रफा-दफा करने के नाम पर 5 लाख की मांग की थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने दबिश देकर उसे मौके से धर दबोचा।
तलाशी में आरोपी की कार से ईओडब्ल्यू का फर्जी आईडी कार्ड, गंज थाने की नकली सरकारी सील, पुलिस की सायरन लगी गाड़ी, थानेदार के नाम से बनाए गए फर्जी दस्तावेज और हस्ताक्षर की सामग्री बरामद हुई है।
पूछताछ में आशीष ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से नकली पहचान के दम पर कारोबारी, व्यापारी और यहां तक कि पुलिसकर्मियों को भी ब्लैकमेल कर चुका है। उसने अब तक करीब 30 लाख रुपए की अवैध वसूली की बात स्वीकार की है।
हैरानी की बात यह है कि वह सिर्फ आम लोगों को ही नहीं, बल्कि एएसआई, आरक्षक और महिला पुलिसकर्मियों तक को अपने जाल में फंसा चुका है। क्राइम ब्रांच को शक है कि आरोपी अकेला नहीं है। इस फर्जीवाड़े में कई और लोग शामिल हो सकते हैं, जो फरार हैं। आरोपी के मोबाइल और दस्तावेजों की जांच जारी है।

Latest Posts

Don't Miss