रायपुर। जिले में आगामी गणेश विसर्जन और ईद-ए-मिलाद-उन-नबी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। इसके अनुसार डीजे और पटाखों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। शांति समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया, जिसमें अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने पर ज़ोर दिया।
एडीएम उमाशंकर बंदे और एएसपी लखन पटले ने समाज प्रमुखों से चर्चा करते हुए अपील की कि सभी समुदाय परंपराओं के साथ त्योहार मनाएं, लेकिन भाईचारा और कानून व्यवस्था बनाए रखना सबसे जरूरी है।
एएसपी ट्रैफिक प्रशांत शुक्ला ने बताया कि जुलूस के लिए नियंत्रित रूट तय किए गए हैं, जिससे यातायात प्रभावित न हो। सभी थाना प्रभारियों को मोहल्लों और कॉलोनियों में स्थानीय नागरिकों के साथ बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रमुख निर्देश:
• जुलूस के दौरान डीजे और पटाखों का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
• चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
• हर गतिविधि पर सीसीटीवी और पुलिस की निगरानी रहेगी।
• हुल्लड़बाज़ी और शांति भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।



