Latest Posts

म्यूल बैंक अकाउंट ऑपरेट करने वाला मास्टरमाइंड महाराष्ट्र से गिरफ्तार

फर्जी सिम कार्ड खरीदकर करता था संचालन

रायपुर,(संवाद साधना)। साइबर ठगी के जाल को तोडऩे के लिए रायपुर पुलिस ऑपरेशन साइबर शील्ड चला रही है। इसी अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए टीम ने फर्जी सिम कार्ड खरीदकर म्यूल बैंक अकाउंट ऑपरेट करने वाले मुख्य आरोपी को महाराष्ट्र के गोंदिया से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार गोंदिया निवासी आरोपी कुलदीप बागड़े उर्फ मोनू (30) पीओएस एजेंटो से फर्जी सिम कार्ड खरीदता था। इन सिम कार्ड्स का उपयोग वह म्यूल बैंक अकाउंट्स के संचालन में करता था, जिनका इस्तेमाल साइबर ठगों द्वारा अवैध लेनदेन और ठगी के पैसे इधर-उधर करने के लिए किया जाता है। रेंज साइबर थाना रायपुर ने जानकारी के अनुसार उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के 104 म्यूल बैंक खातों से जुड़े मामले में थाना सिविल लाइन रायपुर में अपराध दर्ज है। इसमें बीएनएस की धारा-317(2), 317(4), 317(5), 111, 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है।
24 आरोपियों से पूछताछ करने पर मिला सुराग
जांच के दौरान म्यूल बैंक खातों में दर्ज मोबाइल नंबरों की जानकारी सिम सेवा प्रदाता कंपनियों से जुटाई गई। तकनीकी विश्लेषण और पूर्व में गिरफ्तार पीओएस एजेंटों और 24 अन्य आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को कुलदीप बागड़े के नाम का सुराग मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने गोंदिया जाकर कुलदीप को गिरफ्तार किया।
पुलिस की अपील
पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे अज्ञात लिंक, फर्जी कॉल्स और संदिग्ध लेन-देन से सतर्क रहें और किसी भी तरह की जानकारी तुरंत साइबर सेल को दें।

    Latest Posts

    Don't Miss