– बच्चों के सामने आरोपी ने दिया घटना को अंजाम, रॉड से सिर पर मारा, निजी अस्पताल में 28 अगस्त को महिला ने दम तोड़ा
– अभनपुर थाना क्षेत्र का मामला
रायपुर, संवाद साधना। चरित्र संदेह पर 27 अगस्त रात युवक ने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। युवक ने अपनी पत्नी पर रॉड से प्राणघातक हमला किया। पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई, उसी इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टोकरो की बताई जा रही है। आरोपी युवक ने उक्त को अंजाम अपने बच्चों के सामने दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
अभनपुर थाना प्रभारी सत्येन्द्र श्याम ने बताया कि ग्राम टोकरो निवासी कृष्ण कुमार सेन के तीन बेटे हैं। परिवार सैलून दुकान चलाता है। उनका एक बेटा मुकेश सिंह अपनी पत्नी प्रियंका और दो बच्चों के साथ ऊपर के कमरे में रहता है। 27 अगस्त शाम उनकी बहू प्रियंका सेन तीजा मनाकर मायके गोबरा नयापारा से वापस ससुराल लौटी थी। रात 10 बजे मुकेश अपनी पत्नी प्रियंका के चरित्र पर शक करते हुए झगड़ा कर रहा था। प्रियंका सेन बच्चों को खाना परोस रही थी। तभी मुकेश ने गाली-गलौज करनी शुरू कर दी। फिर अचानक उसने रॉड से अपनी पत्नी के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। रॉड सिर पर लगते ही महिला जमीन पर गिर गई और खून निकलने लगा। महिला बचाओ बचाओ भी चिल्लाने लगी। पिता की क्रूरता देखकर बच्चे जोर-जोर से रोने लगे।
बीच बचाव में आए पिता पर भी किया हमला
बच्चों के शोरगुल की आवाज सुनकर कृष्ण कुमार सेन कमरे में पहुंचा, तो मुकेश ने रॉड से पिता पर भी हमला कर दिया, जिससे पिता के हाथ और आंख के पास चोटें आई। जैसे तैसे पिता ने बेटे को रोका। फिर परिवार के लोगों ने महिला को गंभीर हालत में इलाज के लिए अभनपुर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां अगले दिन 28 अगस्त को उसकी मौत हो गई।
आरोपी ने किया सरेंडर
इस वारदात के बाद आरोपी मुकेश कुमार सेन पुलिस थाने पहुंच गया। उसने वारदात में इस्तेमाल रॉड के साथ पुलिस को सरेंडर कर दिया। इस मामले में पुलिस ने पहले हाफ मर्डर का केस दर्ज किया था, लेकिन महिला की मौत के बाद हत्या की धारा जोड़ दी गई है। इस मामले में पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजगी।



