– लैंडिंग नहीं हुई तो घबराए यात्री
रायपुर, संवाद साधना। मौसम में खराबी के चलते बुधवार सुबह स्वामी विवेकानंद विमानतल में दो फ्लाइटों को डाइवर्ट कर दिया गया। विमानन कंपनियों के कर्मचारियों द्वारा सही जानकारी न दिए जाने से यात्रियों ने विमानतल में हंगामा भी मचाया। जानकारी के अनुसार दिल्ली से रायपुर आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट को भुवनेश्वर डायवर्ट कर दिया गया। वहीं दूसरी ओर कोलकाता से रायपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट को नागपुर डायवर्ट कर दिया गया। फ्लाइट डायवर्ट होने से यात्रियों में हडक़ंप मच गया। इसके साथ ही भुवनेश्वर में फंसे हवाई यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि डायवर्टेड दोनों फ्लाइट्स करीब ढाई घंटे की देरी से रायपुर पहुंचीं और इसके बाद दिल्ली और कोलकाता के लिए रवाना हुईं।
जानकारी के अनुसार एयर इंडिया की यह फ्लाइट सुबह 8 बजे लैंड करने वाली थी, अचानक लैंडिंग से पहले ऊपर उठी और खराब मौसम के चलते भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर उतारी गई। यात्रियों के अनुसार, विमान जैसे ही रायपुर एयरपोर्ट के करीब पहुंचा, तभी अचानक लैंडिंग रोक दी गई और विमान ऊपर उठ गया. इससे यात्रियों में घबराहट फैल गई।
भुवनेश्वर पहुंचने के बाद यात्रियों ने एयर इंडिया के खिलाफ नाराजगी जाहिर की और एयरपोर्ट पर हंगामा किया। उनका आरोप था कि एयरलाइन की ओर से समय पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। बाद में एयर इंडिया ने बयान जारी कर बताया कि कम विजिबिलिटी की वजह से फ्लाइट को डायवर्ट करना पड़ा और सुबह 9:30 बजे भुवनेश्वर से रायपुर के लिए दोबारा उड़ान भरी जाएगी। सभी यात्रियों को सुरक्षित बताया गया और आवश्यक मदद उपलब्ध कराई गई।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
रायपुर विमानतल पर मौसम की वजह से फ्लाइट डायवर्शन कोई नया मामला नहीं है। जनवरी 2023 में भी एयर इंडिया और इंडिगो की दो फ्लाइट्स को क्रमश: नागपुर और भुवनेश्वर की ओर डायवर्ट करना पड़ा था. उस समय भी वजह कम दृश्यता ही बताई गई थी।
यात्रियों की नाराजगी और मांग
भुवनेश्वर और नागपुर में फंसे यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी व्यक्त की और एयरलाइंस से समय पर सूचना और बेहतर सुविधाओं की मांग की, कई यात्रियों ने मुआवजे की भी मांग उठाई।



