Latest Posts

पांच वर्षों बाद पचास हजार के नीचे आया सरिया

– सीमेंट की कीमतें भी स्थिर, आठ रुपए पहुंचा ईंट

रायपुर,संवाद साधना। भवन निर्माण सामग्री बाजार में गिरावट का दौर लगातार जारी है। बाजार में डिमांड में कमी का असर सभी पर देखा जा रहा है। सरिया की कीमतों में जबरदस्त गिरावट आई है और पांच वर्षों बाद यह पचास हजार रुपए टन के नीचे आया है। फैक्ट्रियों में सरिया इन दिनों 49 हजार रुपए प्रति टन और रिटेल में 51 हजार रुपए प्रति टन बिक रहा है। इन दिनों सरिया में स्थानीय डिमांड के साथ ही बाहरी डिमांड भी काफी कम है। वहीं दूसरी ओर सीमेंट की कीमतों में भी स्थिरता बनी हुई है और रिटेल में सीमेंट 28 0 से 290 रुपए प्रति बैग बिक रही है। कारोबारियों का कहना है कि बाजार में अभी डिमांड कमजोर बनी हुई है।
भवन निर्माण सामग्री कारोबारियों का कहना है कि अभी ईंट-भट्ठे का काम बंद पड़ा है,इसके चलते ईंट की सप्लाई प्रभावित है। इसके चलते ईंट की कीमतों में जबरदस्त तेजी आ गई है और लाल ईंट आठ रुपए प्रति नग यानि आठ हजार रुपए(प्रति एक हजार) के हिसाब से बिक रही है। हालांकि फ्लाईएश ईंट की कीमतें थोड़ी कम है।
तीन साल पहले था रिकार्ड ऊंचाई पर
सरिया की कीमतें तीन वर्ष पहले वर्ष 2022 में मार्च महीने में रिकार्ड ऊंचाई पर था। उस दौरान सरिया 8 0 हजार रुपए प्रति टन पार हो गया था। इसके बाद कीमतों में गिरावट का सिलसिला शुरू हुआ।
घर खरीदने का अच्छा मौका
कारोबारियों का कहना है कि अपने सपनों का आशियाना खरीदने का अभी काफी अच्छा मौका है। बिल्डरों ने भी अभी अपने प्रोजेक्टों की कीमतों में बढ़ोतरी नहीं की है। साथ ही ग्राहकों को रिझाने आकर्षक आफर भी दे रहे है। 22 अगस्त शुक्रवार से तो क्रेडाई प्रापर्टी एक्सपो भी शुरू हो रहा है। एक्सपो में आकर्षक आफर भी दिए जाएंगे।

 

 

Latest Posts

Don't Miss