मानिकचौरी, संवाद साधना। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मानिकचौरी में 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। सर्वप्रथम विद्या दायिनी ज्ञान दायिनी मां सरस्वती के पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। एसएमडीसी के अध्यक्ष पंडित गोविंद प्रसाद तिवारी ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में वीर बलिदानियों को नमन कर माल्यार्पण फिर ध्वजारोहण किया। इसके बाद प्रभात फेरी निकलते हुए पूरे गांव की गलियों में भ्रमण करते हुए फौजी चौक, पंचायत भवन, प्राथमिक शाला भवन व वृहताकार साख समिति प्रांगण में ध्वजारोहण किया गया। तत्पश्चात शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मानिकचौरी के प्रांगण में मुख्य अतिथि पूर्व कृषि मंत्री चंद्रशेखर साहू के सानिध्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आगाज हुआ। मुख्य अतिथि सम्माननीय चंद्रशेखर साहू ने कहा कि विद्यार्थियों को सभी क्षेत्रों में आगे आने की जरूरत है। सफलता प्राप्त करने के लिए मेहनत करने की जरूरत है। गांव एवं शाला के विकास के लिए समर्पित भाव से प्रयास किए हैं और आगे भी प्रयास करते रहेंगे। सरपंच हेमलता साहू ने मेधावी छात्र-छात्राओं का पंचायत की ओर से प्रमाण-पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। शाला प्रबंधन विकास समिति के अध्यक्ष गोविंद प्रसाद तिवारी, सेवानिवृत प्राचार्य संतराम सोनबरसा ने भी अपने विचार रखे।



