– 11 लाख का इनाम जीतने 100 से ज्यादा टोलियां बनाएंगी पिरामिड
– सांस्कृतिक आयोजन में रंगारंग प्रस्तुति
रायपुर,संवाध साधना। राजधानी के गुढिय़ारी क्षेत्र में 17 अगस्त को दही-हांडी के विशाल उत्सव किया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक बसंत अग्रवाल ने बताया कि सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति और श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में होने वाला यह 16 वां आयोजन शाम 4 बजे अवधपुरी मैदान पर शुरू होगा। इस बार विजेता गोविंदा टोली को 11 लाख रुपए का भव्य पुरस्कार, साथ ही महिला और अन्य टोलियों के लिए भी विशेष इनाम रखे गए हैं। आयोजन में छत्तीसगढ़ के अलावा ओडिशा, मध्यप्रदेश, झारखंड और महाराष्ट्र से टीमें हिस्सा लेंगी। इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समेत दिग्गज नेता भी शामिल होंगे।
मनोरंजन और भक्ति का संगम
इस वर्ष मंच पर इंडियन आइडल विजेता पवनदीप राजन और भजन गायिका गीता बेन रबारी अपनी प्रस्तुतियों से कृष्ण जन्मोत्सव को और भव्य बनाएंगे। ओडिशा के पारंपरिक घंटा बाजा प्रदर्शन और ग्रीस चढ़े खंभे पर चढऩे की प्रतियोगिता विशेष आकर्षण होंगे। छत्तीसगढ़ की लोकप्रिय गायिका पूनम-दिव्या तिवारी भी अपनी प्रस्तुति देंगी। आयोजन में अब तक 50 से अधिक टोलियां पंजीकृत हो चुकी हैं और 100 से ज्यादा के शामिल होने की संभावना है।
आज राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बन चुका: बसंत
समिति ने दर्शकों और प्रतिभागियों की सुविधा के लिए बैठने, सुरक्षा और चिकित्सा सेवाओं की संपूर्ण व्यवस्था की है। हजारों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पुलिस बल और एम्बुलेंस मौजूद रहेंगे। संयोजक बसंत अग्रवाल ने बताया कि 2010 में एक छोटे से मैदान से शुरू हुआ यह आयोजन आज राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुका है। इस वर्ष महाराष्ट्र के रिकॉर्ड को तोडऩे का लक्ष्य भी रखा गया है, जिससे यह आयोजन और भी ऐतिहासिक बनने वाला है।