Raipur Sports News: मयंक का पहला शतक बना जीत की नींव, गेंदबाजों ने किया कमाल प्रदर्शन
Raipur Sports News: रायपुर, शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए रणजी ट्रॉफी 2025-26 के ग्रुप-डी मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने पांडिचेरी को 10 विकेट से हराकर जीत दर्ज की है। तीन दिन में समाप्त हुए इस मैच में बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों ने शानदार प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए छत्तीसगढ़ ने 136 ओवर में 377 रन बनाए। टीम के बल्लेबाज मयंक वर्मा ने रणजी करियर का पहला शतक (121 नाबाद) ठोकते हुए मैच का रुख छत्तीसगढ़ की ओर मोड़ दिया। उनके साथ संजित देसाई (69) और आयुष पांडे (45) ने भी अहम योगदान दिया।

पांडिचेरी की ओर से पुनीत दाते और सागर ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। जवाब में पांडिचेरी की टीम पहली पारी में केवल 205 रन पर सिमट गई। छत्तीसगढ़ के रवि किरण ने 3 विकेट, जबकि अजय मंडल, आदित्य सरवटे और आशीष चौहान ने दो-दो विकेट झटके। फॉलोऑन में उतरी पांडिचेरी दूसरी पारी में भी टिक नहीं पाई और 175 रन पर ढेर हो गई।

इस बार आदित्य सरवटे ने 4 विकेट लेकर विपक्ष को समेटने में अहम भूमिका निभाई। सिर्फ 4 रनों के लक्ष्य को छत्तीसगढ़ ने पहली ही गेंद पर पूरा करते हुए आसान जीत दर्ज की। मयंक वर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत से छत्तीसगढ़ की टीम अंकतालिका में मजबूत स्थिति में पहुंच गई है।




