Latest Posts

Raipur News: खारुन नदी ब्रिज को मेंटेनेंस के लिए रखा जाएगा एक महीने तक बंद, ट्रैफिक के लिए भारी जाम से बचने के लिए प्रशासन ने जारी किए वैकल्पिक मार्ग

Raipur News: 1 से 30 अप्रैल तक चलेगा मेंटेनेंस, हल्के और भारी वाहनों के लिए अलग रूट; पुलिस और प्रशासन ने बनाई विस्तृत व्यवस्था

Raipur News: रायपुर। दुर्ग और रायपुर के बीच रोजाना हजारों वाहनों की आवाजाही वाले कुम्हारी स्थित खारुन नदी ब्रिज को मेंटेनेंस के लिए एक महीने तक बंद रखा जाएगा। 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक इस पुल पर मरम्मत का काम चलेगा, जिसके चलते पूरे क्षेत्र में ट्रैफिक डायवर्सन लागू किया गया है। दुर्ग और रायपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से हल्के और भारी वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और लोगों को कम से कम परेशानी हो।


इस महत्वपूर्ण फैसले को लेकर 24 मार्च को भिलाई के सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में दुर्ग पुलिस, जिला प्रशासन, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, बीएसपी और निर्माण एजेंसी के अधिकारी शामिल हुए। दुर्ग के पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने अधिकारियों को पूरे मार्ग का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सभी विभागों को जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए।

Raipur News: हल्के वाहनों के लिए तय किए गए वैकल्पिक मार्ग

प्रशासन द्वारा जारी योजना के अनुसार दुर्ग से रायपुर एयरपोर्ट, नया रायपुर, मंत्रालय, आरंग और अभनपुर जाने वाले वाहन नेवई-उतई-सेलूद-पाटन-अभनपुर मार्ग का उपयोग करेंगे। वहीं सुपेला, भिलाई, रिसाली और नेवई क्षेत्र से रायपुर जाने वाले वाहन उतई-सेलूद-ढौर-औरी-मोतीपुर-अमलेश्वर मार्ग से गुजरेंगे।

खुर्सीपार, चरोदा और भिलाई-3 से आने वाले वाहनों के लिए सिरसा गेट-सिरसा खुर्द-औरी-मोतीपुर-अमलेश्वर मार्ग तय किया गया है। इसके अलावा नंदिनी, अहिरवारा और कुम्हारी क्षेत्र से रायपुर जाने वाले हल्के वाहन कुम्हारी टोल पार कर दाहिने पुल से होकर खारुन नदी ब्रिज का सीमित उपयोग कर सकेंगे।

Raipur News: भारी वाहनों के लिए समय और रूट तय

भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। दुर्ग से रायपुर जाने वाले भारी वाहन कुम्हारी टोल पार कर सिंगल लाइन से ब्रिज पार करेंगे। वहीं राजनांदगांव से रायपुर जाने वाले भारी वाहनों को सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक दुर्ग बायपास स्थित बाफना टोल प्लाजा के पास रोका जाएगा।

इसी तरह भिलाई औद्योगिक क्षेत्र और ट्रांसपोर्ट नगर से निकलने वाले भारी वाहन सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक कुम्हारी की ओर नहीं जा सकेंगे। महासमुंद और अन्य इलाकों से आने वाले भारी वाहनों को भी तय समय पर रोका जाएगा, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सके।

Raipur News: 24 घंटे निगरानी और सुरक्षा इंतजाम

ब्रिज मेंटेनेंस के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए निर्माण एजेंसी को 24 घंटे वालेंटियर तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सिरसा गेट चौक और अमलेश्वर सहित प्रमुख स्थानों पर क्रेन भी तैनात रहेगी, ताकि खराब वाहन को तुरंत हटाया जा सके।

प्रशासन द्वारा सभी डायवर्सन प्वाइंट पर रूट मैप और दिशा संकेतक फ्लेक्स लगाने की तैयारी की गई है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक कुम्हारी ब्रिज की ओर जाने से बचें और तय वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें, ताकि यातायात सुचारू बना रहे।

Latest Posts

Don't Miss