थाने में घुसकर किया बवाल, चूल्हा-राशन लेकर बैठे, रायपुर पुलिस सेंट्रल जेल लेकर गई
Raipur News: रायपुर, मैग्नेटो मॉल में तोडफ़ोड़ करने के आरोप में पुलिस ने बजरंग दल के 50 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। जैसे ही गिरफ्तारी की सूचना मिली बड़ी संख्या में कार्यकर्ता तेलीबांधा थाने में घुस गए। बवाल के बीच अरेस्ट कर पुलिस बस से कार्यकर्ताओं को सेंट्रल जेल लेकर गई। हालांकि, रात साढ़े 11 बजे कार्यकर्ताओं को जेल से छोड़ दिया गया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने दोपहर से तेलीबांधा पुलिस स्टेशन के सामने चक्काजाम कर दिया था। सडक़ पर हवन कर विरोध जताया।
प्रदर्शनकारी चूल्हा और राशन लेकर आ गए थे। तेलीबांधा थाने के सामने स?क पर टेंट लगा कर बैठे। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। मौके पर 2एएसपी, 4 सीएसपी और 12 से ज्यादा थाना प्रभारी समेत अतिरिक्त बल मौजूद रहे। मंदिर हसौद और एयरपोर्ट से रायपुर शहर की ओर आने वाले ट्रैफिक को तेलीबांधा चौक के पास नेशनल हाईवे की ओर डायवर्ट कर दिया गया था। वहीं बजरंग दल के जिला संयोजक विजेंद्र वर्मा ने कहा कि उन्होंने मॉल में तोडफ़ोड़ नहीं की। सजावट को हुए नुकसान पर इतना बड़ा एक्शन लेना गलत है। थाना घेराव के बाद कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी हुई। रात साढ़े 11 बजे हमें सेंट्रल जेल से छोड़ा गया। प्रशासन ने हमारी कुछ मांगों को माना है, कुछ को नहीं माना है। हमने अपना आंदोलन कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया गया है। अगर प्रशासन ढिलाई करती है तो हम फिर से चक्काजाम करेंगे।

Raipur News: ये है पूरा मामला
क्रिसमस से एक दिन पहले 24 दिसंबर छत्तीसगढ़ बंद के दौरान रायपुर के मैग्नेटो मॉल में जमकर हंगामा और तोडफ़ोड़ हुई। आरोप है कि बजरंग दल के 30-40 कार्यकर्ता लाठी-डंडे लेकर मॉल के अंदर घुसे। मॉल कर्मचारियों से धर्म और जाति पूछकर सामानों में तोडफ़ोड़ की गई। मैग्नेटो मॉल की मार्केटिंग हेड आभा गुप्ता ने बताया कि मॉल पूरी तरह बंद था। उन्होंने बंद का समर्थन भी किया था। इसके बावजूद 50 से 100 लोग जबरदस्ती मॉल में घुस आए। उनके हाथों में लाठी, हॉकी स्टिक थे। मैग्नेटो मॉल की मार्केटिंग हेड ने बताया कि वे कर्मचारियों और मौजूद लोगों से पूछ रहे थे ‘आप हिंदू हो या क्रिश्चियन, आपकी जाति क्या है?’ यहां तक कि आईडी कार्ड और बैच देखकर सवाल किए जा रहे थे।




