Raipur Crime: रायपुर, ऑपरेशन साइबर शील्ड के अंतर्गत अंतरराज्यीय साइबर ठगों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दिल्ली, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और उत्तरप्रदेश से कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह फर्जी अपाक फाइल बनाकर लोगों के मोबाइल हैक कर लाखों रुपए की धोखाधड़ी कर रहा था। आईजी अमरेश मिश्र के निर्देश पर रेंज साइबर थाना की टीम ने तकनीकी विश्लेषण कर ठगों की संपूर्ण शृंखला का पर्दाफाश किया।

गिरोह द्वारा आरटीओ-चालान, आयुष्मान कार्ड, पीएम किसान योजना, बैंकिंग सेवाएं, बिजली बिल जैसे विश्वसनीय नामों से नकली अपाक तैयार कर व्हाट्सऐप और टेलीग्राम के माध्यम से फैलाया जाता था। पुणे निवासी 18 वर्षीय धर्मजीत सिंह इन एपीके में हानिकारक कोड छिपा कर मोबाइल का नियंत्रण हैकरों तक पहुंचाता था। मोबाइल हैक होते ही बैंक खातों की जानकारी चोरी कर रकम म्यूल खातों के माध्यम से निकाल ली जाती थी।
Raipur Crime: प्रकरणों में पीडि़तों से 5.12 लाख व 12 लाख रुपए की ठगी की पुष्टि हुई है
प्रकरणों में पीडि़तों से 5.12 लाख व 12 लाख रुपए की ठगी की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों में 2 लाख रुपए होल्ड कराए तथा अवैध कमाई से खरीदे गए मोबाइल दुकान के सामान की जाँच भी शुरू कर दी है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी अज्ञात लिंक या फ़ाइल पर क्लिक न करें, केवल आधिकारिक स्टोर से ही ऐप डाउनलोड करें, मोबाइल में एंटीवायरस रखें तथा किसी प्रकार की धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 पर संपर्क करें।



