Monday, February 16, 2026

Latest Posts

Raipur Crime News: वियतनाम भागने की फिराक में था तंजानिया गोल्ड माइन ठगी का मास्टरमाइंड, एयरपोर्ट से गिरफ्तार

Raipur Crime News: आरोपी, पुलिस की लुकआउट कार्रवाई से खुला अंतरराष्ट्रीय ठगी नेटवर्क

Raipur Crime News: रायपुर, कारोबारियों से तंजानिया की गोल्ड माइन में निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले मास्टरमाइंड यश राजेश शाह को पुलिस ने मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वियतनाम भागने की तैयारी में था, लेकिन पहले से जारी लुकआउट नोटिस और खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे उड़ान भरने से ठीक पहले दबोच लिया। इस गिरफ्तारी से एक अंतरराष्ट्रीय ठगी गिरोह का खुलासा हुआ है, जिसने फर्जी गोल्ड माइन के नाम पर करीब 2 करोड़ रुपए की ठगी को अंजाम दिया।
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (सेंट्रल) उमेश प्रसाद गुप्ता ने बताया कि आरोपी यश राजेश शाह के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद से वह गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था। कोर्ट से जमानत अर्जी खारिज होने के बाद उसने देश छोडक़र फरार होने की योजना बनाई और वियतनाम के लिए टिकट बुक करा लिया। हमने पहले ही उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया था। जैसे ही वह मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचा, वहां मौजूद सुरक्षा एजेंसियों और रायपुर पुलिस की टीम ने उसे तत्काल हिरासत में ले लिया। डीसीपी गुप्ता के अनुसार, यह गिरफ्तारी बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि आरोपी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ठगी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ है और इसके अन्य साथियों की भी पहचान की जा रही है।

Raipur Crime News 50 प्रतिशत हिस्सेदारी का दिया था लालच
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने रायपुर के कारोबारी समर्थ बरडिया से ऑनलाइन संपर्क कर खुद को तंजानिया की गोल्ड माइन का पार्टनर बताया। उसने 50 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का लालच देकर पीडि़त और उनके परिजनों को तंजानिया बुलाया। वहां आरोपी ने अब्दुल्लाह किलियावापे न्युजे नामक व्यक्ति को अपना पार्टनर बताकर एक खदान दिखाई, जो बाद में पूरी तरह फर्जी निकली। इस सुनियोजित साजिश के तहत आरोपियों ने भरोसा जीतकर अलग-अलग किश्तों में 2 करोड़ रुपये से अधिक की रकम निवेश के नाम पर हासिल कर ली और बाद में संपर्क तोड़ दिया।

Raipur Crime News ट्रांजेक्शन और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के बारे में खुलासे की संभावन
डीसीपी उमेश प्रसाद गुप्ता ने बताया कि इस मामले का दूसरा मुख्य आरोपी अब्दुल्लाह किलियावापे न्युजे अभी फरार है और उसकी तलाश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एजेंसियों से संपर्क किया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह कई अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगी का शिकार बना चुका है। सिविल लाइन थाना में दर्ज इस मामले में आरोपी को रायपुर लाकर रिमांड पर लिया जाएगा। पूछताछ में ठगी की पूरी रकम, बैंक ट्रांजेक्शन और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के बारे में अहम खुलासे होने की संभावना है।

Latest Posts

Don't Miss