Raipur Crime News: ग्वालियर के एक पॉश सोसाइटी के आलीशान फ्लैट से रहता था वीरेन्द्र
Raipur Crime News: रायपुर, रायपुर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र उर्फ रूबी तोमर को बड़े ही नाटकीय ढंग से गिरफ्तार किया। हिस्ट्रीशीटर ग्वालियर के एक पॉश सोसाइटी के आलीशान फ्लैट से रहता था। वह फ्लैट में नौकरों के बीच रहकर खुद को छिपाए हुए था। पुलिस ने कई दिनों तक निगरानी रखी, लेकिन वह दिखाई नहीं दे रहा था। इसके बाद पुलिस ने रणनीति बनाई और फ्लैट की बिजली बंद कराई, जैसे ही बिजली गुल हुई वीरेन्द्र बालकनी में आया।

टीम ने वीरेन्द्र को देखते हुए फ्लैट में बिजलीकर्मी का रूपधरकर घुसे और उसे घेराबंदी कर धरदबोचा। रविवार को जब पुलिस तोमर को रायपुर लेकर पहुंची, तब जुलूस के दौरान उसकी पत्नी शुभ्रा सिंह तोमर ने जमकर हंगामा किया। रायपुर एसएसपी लाल उमेद सिंह ने बताया कि सूदखोरी, रंगदारी, मारपीट और अवैध हथियार रखने के मामले में रायपुर की तेलीबांधा और पुरानी बस्ती पुलिस लंबे समय से दोनों भाई वीरेंद्र और रोहित तोमर को खोज रही थी। इनके खिलाफ अलग-अलग थानों में करीब एक दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं। पुलिस की अलग-अलग टीम राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और मध्य प्रदेश में रेड कार्रवाई कर चुकी थी। लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लग रहा था।

Raipur Crime News: डायरेक्ट फोन से नहीं करते थे परिजनों से संपर्क
एसएसपी के मुताबिक आरोपी इतने शातिर थे कि वे लगातार अपना ठिकाना बदल रहे थे। वे घरवालों से डायरेक्ट फोन के माध्यम से भी संपर्क में नहीं थे, जिससे पुलिस को लोकेशन ट्रेस करने में मशक्कत करनी पड़ रही थी। इस बीच अचानक पुलिस को टेक्निकल एनालिसिस और मुखबिर से खुफिया सूचना मिली कि वीरेंद्र तोमर मध्यप्रदेश के ग्वालियर या दिल्ली में छिपा हुआ है। रायपुर से फौरन क्राइम ब्रांच की 2 अलग-अलग टीमें दिल्ली और ग्वालियर के लिए रवाना की गई।
Raipur Crime News: नौकरों का आना-जाना होता था, लेकिन तोमर कहीं दिखाई नहीं दे रहा था
पुलिस अफसरों के अनुसार, ग्वालियर के सिरोल थाना क्षेत्र में स्थित विंडसर हिल्स टाउनशिप के एक आलीशान फ्लैट में निगरानी शुरू की गई थी। लगभग 6-7 दिनों तक पुलिस यह सुनिश्चित नहीं कर पा रही थी कि वीरेंद्र तोमर घर के भीतर मौजूद है या नहीं। घर में कई नौकरों का आना-जाना होता था, लेकिन तोमर कहीं दिखाई नहीं दे रहा था, यहां तक कि वह बालकनी में भी नहीं दिखा। पुलिस लगातार नजर बनाए रखे हुए थी। शक के आधार पर शनिवार को पुलिस ने फ्लैट की बिजली काट दी, जिससे तोमर बालकनी पर आया। पुलिसकर्मियों ने उसे पहचान लिया। इसके बाद पुलिस ने बिजली कर्मी का बहाना बनाकर फ्लैट में घुसकर उसे दबोच लिया।





