Raipur Crime News: मुंबई से खिसकता ड्रग्स मार्केट, अब रायपुर बना नया हब
Raipur Crime News: रायपुर, नववर्ष की तैयारियों के बीच शहर में नशे के कारोबार को लेकर रोज नए खुलासे हो रहे हैं। जिसमें सिंथेटिक ड्रग्स की सप्लाई चेन पाकिस्तान से पंजाब होते हुए देश के विभिन्न राज्यों तक फैल रही है, और अब इसका फोकस तेजी से राजधानी रायपुर की ओर शिफ्ट हो रहा है। थाना पंडरी क्षेत्र में की गई कार्रवाई में पुलिस ने राजस्थान के जोधपुर निवासी कैलाश बिश्नोई को 23.82 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 3 मोबाइल फोन, 5 एटीएम कार्ड और 1,900 नकद जब्त किए गए।

Raipur Crime News:हाई-प्रोफाइल नाइट गैदरिंग्स में खपाने की तैयारी
पूछताछ में सामने आया है कि यह नेटवर्क सीधे-सीधे अंतरराज्यीय है और इसके तार पंजाब व महाराष्ट्र के रास्ते आगे तक जुड़े हैं। पुलिस के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एमडीएमए की सप्लाई पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते देश के भीतर फैल रही है। रायपुर तक पहुंच रही यह खेप नववर्ष के दौरान फार्महाउस पार्टियों, निजी आयोजनों और हाई-प्रोफाइल नाइट गैदरिंग्स में खपाने की तैयारी में थी।
Raipur Crime News:-मुंबई से रायपुर क्यों?
कभी मुंबई एमडीएमए की सबसे बड़ी खपत का केंद्र माना जाता था, लेकिन सख्त कार्रवाई के बाद तस्करों ने नए शहरों की तलाश शुरू कर दी। रायपुर में तेजी से बढ़ता पार्टी कल्चर, निजी आयोजनों की संख्या और अपेक्षाकृत नया बाजार अब ड्रग माफिया को आकर्षित कर रहा है। हाल ही में एक राजनीतिक पदाधिकारी के एमडीएमए और हथियार के साथ पकड़े जाने की घटना ने इस खतरे को और उजागर कर दिया है।
Raipur Crime News:लगातार हो रही बड़ी कार्रवाई
पिछले 20 दिनों में चंदन ठाकुर, समीर, हर्ष नरेश पांडेय, दिलबाग सिंह, मनीष रोचलानी सहित कई नामचीन सिडिंकेट का पर्दाफाश हो चुका है। इससे साफ है कि रायपुर पुलिस केवल छोटे सप्लायर नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क को तोडऩे की दिशा में आगे बढ़ रही है।
Raipur Crime News:तस्करों ने अपने पुराने तरीके बदले
ड्रग्स तस्करों ने अपने पुराने तरीके बदल दिए हैं। अब बड़े खेप की बजाय कम मात्रा में हाई-वैल्यू ड्रग्स, शहरी इलाकों की जगह आउटर एरिया, फार्महाउस पार्टियां और निजी आयोजन इनके नए टारगेट बन गए हैं। इस बदले अपराधी व्यवहार को ध्यान में रखते हुए रायपुर पुलिस इंटेलिजेंस-ड्रिवन, एंड-टू-एंड विवेचना और माइक्रो-लेवल सर्विलांस के जरिए कार्रवाई कर रही है।
वर्जन
पाकिस्तान से पंजाब रूट से आने वाली सिंथेटिक ड्रग्स को लेकर पुलिस बेहद सतर्क है। ऑपरेशन निश्चय के तहत हम केवल सप्लायर नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क को निशाने पर ले रहे हैं। नववर्ष के दौरान विशेष निगरानी रखी गई है। नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा।
-दौलत राम पोर्ते, एडिशनल एसपी
Raipur Crime News: पार्टियों में चिट्टा सप्लाई करने वाला मनीष रोचलानी गिरफ्तार
राजधानी के फार्महाउस और क्लब पार्टियों में चिट्टा (हेरोईन) सप्लाई करने वाला आरोपी मनीष रोचलानी को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लाखों की हेरोईन बरामद हुई है। खास बात यह है कि एक दिन पहले ही उसके भाई को चैन स्नेकिंग के मामले में गिरफ्तार किया गया था। जानकारी के अनुसार, थाना टिकरापारा, कमल विहार सेक्टर-04 में आरोपी चिट्टा लेकर खपाने की फिराक में था। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली, जिसमें उसके पास से 18 ग्राम चिट्टा (हेरोईन) बरामद हुआ। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 3 लाख 60 हजार आंकी गई है। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह चिट्टा पंजाब से लाया था और नववर्ष के दौरान आउटर क्षेत्र के फार्महाउस और क्लब पार्टियों में सप्लाई करने की तैयारी में था। पुलिस के रिकॉर्ड में मनीष रोचलानी पूर्व में लूट के मामले में जेल भी जा चुका है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनय सिंह बघेल, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट व थाना टिकरापारा पुलिस की अहम भूमिका रही।



