Raipur Crime News: रायपुर, छत्तीसगढ़ की राजधानी में साइबर ठगों ने एक युवक को क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर 30 लाख रुपए का चूना लगा दिया। ठगी की यह पूरी साजिश फेसबुक फ्रेंड रिक्वेस्ट से शुरू होकर व्हाट्सएप ग्रुप और फर्जी क्रिप्टो ट्रेडिंग तक पहुंची। पीडि़त की शिकायत पर खमतराई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Raipur Crime News: फेसबुक से व्हाट्सएप, फिर क्रिप्टो ट्रेडिंग का जाल
खम्तराई पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के संतोषी नगर रहवासी सावना महेश कुमार ने 9 फरवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पीडि़त ने बताया कि 4 दिसंबर 2025 को उसके फेसबुक अकाउंट पर एक अज्ञात व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद उसे क्रिप्टो ट्रेडिंग मार्केटिंगज्ज् नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया। ग्रुप में रोजाना मुनाफे के स्क्रीनशॉट, ट्रेडिंग चार्ट और फर्जी रिव्यू शेयर किए जाते थे, जिससे भरोसा बढ़ता गया। ठगों ने खुद को यूके की नामी कंपनी बताते हुए ग्लासनोड और ग्लोबिक्स वॉलेट के जरिए निवेश करने का झांसा दिया।
पीडि़त को पहले 30 हजार रुपए से ट्रेड शुरू करवाया गया। कुछ ही दिनों में रकम बढ़ाकर 70 हजार कर दी गई और डैशबोर्ड पर 80 लाख रुपए तक का फर्जी मुनाफा दिखाया गया। ठगों ने कहा कि 30 प्रतिशत कमीशन कंपनी का होगा और बाकी रकम पीडि़त की।
मुनाफा निकालने के नाम पर अलग-अलग चार्ज और कमीशन वसूले जाते रहे। धीरे-धीरे पीडि़त ने कुल 30 लाख रुपए ठगों के बताए खातों और वॉलेट में ट्रांसफर कर दिए। जब पैसे निकालने की कोशिश की गई तो अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया और संपर्क पूरी तरह टूट गया।
Raipur Crime News: प्रोफाइल की जांच की जा रही है
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस राजनाला स्मृतिक ने कहा कि क्राइम एवं साइबर ठगी का एहसास होते ही पीडि़त ने खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आईटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। साइबर सेल की मदद से बैंक खातों, वॉलेट ट्रांजैक्शन और सोशल मीडिया प्रोफाइल की जांच की जा रही है।




