Latest Posts

परिवर्तन यात्रा कल पहुंचेगी महासमुंद, स्वागत की भव्य तैयारी

हाईस्कूल मैदान में होगी विशाल आम सभा

महासमुंद (संवाद साधना ) । प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के लिए भाजपा पूरे राज्य में परिवर्तन यात्रा निकाल रही है। प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव के  नेतृत्व में दंतेवाड़ा से प्रारंभ हुई परिवर्तन यात्रा 24 सितंबर को महासमुंद पहुंचेगी। यहाँ हाईस्कूल के मैदान में विशाल सभा आयोजित की गई है। इस आमसभा में लगभग 10 हजार से अधिक की उपस्थिति होगी।
विधानसभा प्रभारी प्रफुल्ल विश्वकर्मा, परिवर्तन यात्रा के प्रभारी डॉ विमल चोपड़ा ने शुक्रवार को यहां पत्रकारवार्ता में कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों व घोषणा पत्र के वादों को पूर्ण न करने पर जागरण अभियान चलाया जाएगा। परिवर्तन यात्रा के बाद स्थानीय कांग्रेसी जनप्रतिनिधियों के खिलाफ आरोप पत्र जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परिवर्तन यात्रा से कांग्रेस और कांग्रेसी घबराए हुए हैं। बैनर पोस्टर फाड़े जाने जैसा कृत्य कर अपने मानसिक दिवालियापन का प्रमाण प्रस्तुत कर रहे हैं। लेकिन भाजपा के इस परिवर्तन यात्रा से आमजनों में उत्साह है जिसे देखते हमें विश्वास है कि इस बार जनता छग में भाजपा की सरकार बनाने जा रही है। परिवर्तन यात्रा प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव के नेतृत्व में 12.30 बजे आरंग की तरफ से नदी मोड़, घोड़ारी में प्रवेश करेगी, जहां घोड़ारी में भाजपा कार्यकर्ता जिला आगमन पर भव्य स्वागत करेगी, जिसके लिए सरपंच जोगी निषाद, पूर्व सरपंच रामाश्रय यादव, युवा मोर्चा के कोमल निषाद आदि तैयारी में जुटे हैं। बेलसोंडा में यात्रा का स्वागत महामंत्री लक्ष्मीकांत तिवारी, सरपंच भामिनी चंद्राकर व महिला मोर्चा अध्यक्ष हुलसी चंद्राकर के नेतृत्व में किया जाएगा। जिला अस्पताल के सामने 5 सौ मोटर साइकिल सवार कार्यकर्ताओं द्वारा युवा नेता राहुल चंद्राकर व युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष नन्दू जलक्षत्री, ग्रामीण अध्यक्ष पूनम निषाद सिंघी, डिगेश साहू, तुमगांव अध्यक्ष रामेश्वर साहू, झलप मण्डल अध्यक्ष के नेतृत्व में स्वागत किया जाएगा। श्री सांई मंदिर से परिवर्तन यात्रा  हाईस्कूल मैदान पहुंचेगी, जहां विशाल आमसभा को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव, केन्द्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर, संभागीय प्रभारी बिहार के विधायक दिलीप जायसवाल, प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय, प्रदेश नेता शिवरतन शर्मा, जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी, सांसद चुन्नीलाल साहू, जिला प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, विधानसभा प्रभारी प्रफुल्ल विश्वकर्मा, पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर सहित स्थानीय नेता संबोधित करेंगे। सभा के पश्चात काफिला बागबाहरा की ओर बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि परिवर्तन यात्रा को लेकर बूथ स्तर से लेकर वार्डों में बैठक का दौर जारी है। बागबाहरा में भी सभा का आयोजन किया गया है । बागबाहरा से तेन्दूकोना में यात्रा का स्वागत होगा और यात्रा पिथौरा के लिए रवाना होगी जहाँ एक और विशाल जनसभा आयोजित की गई है। पिथौरा में रात्रि विश्राम के बाद यात्रा आगे की ओर रवाना होगी। प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर, मोती साहू, योगेश्वर राजू सिन्हा,सतपाल पाली,रमेश साहू आदि उपस्थित थे।

Latest Posts

Don't Miss