जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में इंटरनेट मीडिया के माध्यम से बने दोस्त के साथ निजी पल का वीडियो साझा करना एक युवती को महंगा पड़ गया। आरोप है कि युवक ने वीडियो कॉल के दौरान निजी पलों की स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर उसे विभिन्न वाट्सएप ग्रुपों में प्रसारित कर दिया। जब युवती ने उससे दूरी बनाने की कोशिश की, तो आरोपित ने उसे और उसके स्वजन को जान से मारने की धमकी दी।
इस मामले में जशपुर पुलिस ने युवक को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय युवती ने बताया कि अप्रैल 2024 में उसकी दोस्ती उत्तर प्रदेश के हरदोई जिला निवासी शोवित कुशवाहा से इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म ‘फोर फन’ के माध्यम से हुई थी। दोनों वाट्सएप काल के जरिये भी संपर्क करने लगे। पीड़िता का आरोप है कि युवक ने उसे बहला-फुसलाकर वीडियो कॉल के दौरान निजी पल साझा करने के लिए राजी किया था। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपित की तलाश में उत्तर प्रदेश पहुंची, लेकिन तब तक वह वहां से फरार हो चुका था। इसके बाद मुखबिरों और तकनीकी टीम की मदद से आरोपित को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।



