Friday, June 20, 2025

Latest Posts

बस्तर में हुए भाजपा नेताओं की हत्या के विरोध में चक्काजाम करने वाले पाली के 6 भाजपाइयों पर एफआईआर दर्ज, कांग्रेस की प्रदेश सरकार को बनाया निशाना

*कोरबा/पाली:-* छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के पांच पदाधिकारियों की हत्या और प्रदेश में बढ़ते अपराध व लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था की स्थिति के विरोध में प्रदेश संगठन के आह्वान पर भारतीय जनता पार्टी पाली व ग्रामीण मंडल द्वारा पाली- डूमरकछार के मध्य कोसाबाड़ी के समीप बीते 17 फरवरी को दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक चक्का जाम किया गया। इस चक्का जाम के दौरान भूपेश सरकार के खिलाफ नारा लगाते हुए भाजपाई सड़क पर दो घंटा तक बैठे रहे, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। चक्काजाम में शामिल भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय भावनानी ने कहा कि लोकतंत्र की हत्या हो रही है, भ्रष्टाचार और अपराध चरम पर है, नक्सलियों के हौसले इस कांग्रेसी सरकार में बुलंद हैं। भाजपा नेताओं को चिन्हांकित कर नक्सलियों द्वारा उनकी हत्या की जा रही है, जिससे यह साबित होता है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार पूर्णतः असफल हो गया है। वहीं भाजयुमो पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष चिंटू राजपाल ने कहा कि जब भाजपा की सरकार थी, तब नक्सलियों के पैर उखड़ चुके थे, लेकिन अभी कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद चुन- चुन कर भाजपा कार्यकर्ताओं की नृशंस हत्या हो रही है। चक्काजाम में शामिल पाली मंडल अध्यक्ष रोशन सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज होना चाहिए, लेकिन यहां कांग्रेसी सरकार में लगता है कि नक्सलियों का राज है। पाली भाजपा मंडल कोषाध्यक्ष विक्की अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार की शह पर नक्सलियों द्वारा सुनियोजित तरीके से भाजपा नेताओं की हत्या जैसी कुकृत्य को अंजाम दिया जा रहा है, जो शर्मनाक है। चक्का जाम के दौरान भाजयुमों पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश कौशिक, भाजयुमों मंडल महामंत्री विशाल मोटवानी सहित बड़ी संख्या में भाजपा, भाजयुमों कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे। चक्का जाम मामले में पाली पुलिस द्वारा उक्त 6 नेताओं पर आईपीसी की धारा 147, 341 के तहत एफआईआर दर्ज किया गया है।

Latest Posts

Don't Miss