Latest Posts

गांव वालों को पुलिस पर भरोसा नहीं…?

चोरी से बचने गांव में करा रहे मुनादी

महासमुंद। जिले में लगातार हो रही चोरी के चलते मानो अब नागरिकों को पुलिस पर भरोसा ही नहीं रहा गया है। दिनदहाड़े बढ़ती चोरियों के चलते अब गाँवों मे मुनादी भी होने लगी है। ऐसा ही एक मामला कोमाखान के ग्राम पटरापाली में सामने आया है जहाँ गांव में चोरी की वारदात से बचने और घर के सामानों की रक्षा स्वयं करने के लिए गाँवों में कोटवार के माध्यम से मुनादी कराई जा रही है। जिसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़ा प्रश्नचिन्ह लगा दिया है ।
बता दें कि कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम पटपरपाली और आस- पास के अन्य गांवों में दिनदहाड़े हो रही चोरियों से क्षेत्र के ग्रामीण बेहद परेशान हंै । क्षेत्र के गाँवों में लगातार घरों से दिनदहाड़े नगद राशि, सोने-चाँदी के जेवरात, मोबाइल से लेकर खेतों में लगे बोरवेल्स के मोटर पंप जैसे छोटे से लेकर बड़े सामानों की चोरियों में काफी इजाफा हुआ है। अधिकांश ग्रामीण सामानों के बिल न होने से थाने में मौखिक और कुछ लिखित शिकायत तो करते हैं पर पुलिस के हाथ चोरों तक नहीं पहुँच पा रहे हैं। पुलिस  द्वारा गांवों में रही चोरी की वारदातों को रोकने न तो कोई कदम उठाया जा रहा है और न ही पुलिस चोरों को पकड़ पा रही है। जिससे सचेत रहने अब गाँवों में मुनादी कराई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अब चोरियों से बचने के लिए अंतिम उपाय के रूप में मुनादी ही करा रहे हैं जिससे लोग अपने घर-खेत में रखे सामानों की रक्षा स्वयं कर सकें।
हो चुकी है 15-20 चोरियां
सरपंच राजेन्द्र शर्मा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में गांव और उसके आस-पास के गांवो में 15-20 चोरियां हो चुकी है। अधिकतर चोरियां दोपहर में हो रही है। चोर सूने मकान पर धावा बोलकर घर में रखे सोने व चांदी के जेवरात, नकद व खेत से मोटर पंप पार कर रहे हैं। जिसकी मौखिक शिकायत पुलिस में की गई है। बावजूद पुलिस चोरियां रोकने में नाकाम है। अब कोटवार से मुनादी कराकर गांव वालों को घर सूना न छोड़ने और अपने सामान की स्वयं रक्षा करने के लिए मुनादी करा रहे हैं।
वर्सन-
जिले में चोरी के विरूद्ध लगातार कार्रवाई हो रही है, बड़ी से लेकर छोटी चोरियों में लिप्त आरोपियों को पकड़ा जा रहा है। जहां तक पटपरपाली का मामला है वहां से  चोरियों की शिकायत मिली है इस संबंध में थाना प्रभारी सहित संबंधित एसडीओपी को निर्देशित किया है कि चोरी की वारदात रोकने कारगर कदम उठाए जाएं साथ ही चोरी की दर्ज मामलों की जांच कर आरोपियों को पकड़ने के लिए भी निर्देशित किया गया है।
-आकाश राव गिरपुंजे
एडिशनल एसपी महासमुंद

Latest Posts

Don't Miss