जिले में दहेज के लालच और लगातार दो बेटियां पैदा होने के बाद एक नवविवाहिता की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद वारदात को छिपाने के लिए आरोपियों ने मृतका के शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया, ताकि पूरा मामला खुदकुशी जैसा दिखाई दे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मृतका के पति, देवर और सास को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
पड़ोसियों ने जब कमरे में महिला का शव लटका देखा तो उन्होंने तुरंत फंदा काटकर उसे नीचे उतारा। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए। वहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे सिम्स अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज
घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मामला संभालते हुए जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीएम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ है कि महिला की मौत फांसी से नहीं बल्कि गला घोंटने के कारण हुई है।
इसके बाद पुलिस ने मायके पक्ष और ससुराल पक्ष के लोगों से अलग-अलग पूछताछ की। सख्त पूछताछ के बाद आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि पैसे की मांग और आपसी विवाद के दौरान उन्होंने महिला के साथ मारपीट की थी और पट्टे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी पति रोहित निर्मलकर (30 वर्ष), देवर मोहित निर्मलकर (25 वर्ष) और सास ठगिया निर्मलकर (60 वर्ष) के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।