आंगनबाड़ी, पंचायत भवन और च्वाइस सेंटरों में महिलाओं की भीड़
महासमुंद। महतारी वंदन योजना के तहत सालाना 12 हजार की आर्थिक मदद पाने आनलाइन और आफलाईन आवेदन जमा करने का क्रम जारी है। महज तीन दिनों में जिले में कुल 1 लाख 38 हजार 786 आवेदन जमा हो चुके हैं। जिले में सबसे अधिक पिथौरा में 36 हजार 524 आवेदन जमा हुआ है। इन सबसे अलग कुछ च्वाइस सेंटर अवसर का अधिक लाभ उठा रहे हैं,जिसकी शिकायत के बाद प्रशासन सख्त हो गया है। बता दें कि प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में आर्थिक स्वावलंबन, उनके स्वास्थ्य व पोषण स्तर में सुधार,परिवार के निर्णयों में उनकी भूमिका सुदृढ़ करने के उद्देश्य से महतारी वंदन योजना लागू की गई है। इस योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को 1 हजार रुपए प्रतिमाह सीधे उनके खाते में अंतरित की जाएगी । महतारी वंदन योजना के लिए 5 फरवरी से आवेदन की प्रक्रिया शुरू हुई। बड़ी संख्या में विवाहित महिलाएँ फार्म लेने और जमा करने आंगनबाड़ी, पंचायत भवन और च्वाइस सेंटर पहुँच रही है और अपनी बारी का इंतजार करते नजर आ रही हैं। मालूम हो कि 20 फरवरी तक योजना अंर्तगत फार्म जमा किए जाएंगे । यह योजना एक मार्च से लागू होगी।
तेजी से बढ़ रहा आवेदन का आंकड़ा
विभाग के अनुसार योजना अंर्तगत फार्म भरने के पहले दिन 5 फरवरी को शुरूआत धीमी रही । इस दिन जिले भर में कुल 7 हजार 40 महिलाओं ने फार्म भरा। वहीं दूसरे दिन 6 फरवरी को यह संख्या बढ़कर 53 हजार 642 हो गई ,यानि पहले दिन के मुकाबले दूसरे दिन 46 हजार 602 महिलाओं ने फार्म भरा और तीसरे दिन 7 फरवरी को 78 हजार 104 महिलाओं ने फार्म भरा। शुरूआत के इन तीन दिनों में जिलेभर में कुल 1 लाख 38 हजार 786 फार्म भरे जा चुके हैं।
फार्म भरने में परेशानी : हेल्पलाइन नंबर पर करें संपर्क
महतारी वंदन योजना के लिए फॉर्म भरने और जमा करने के दौरान आ रही दिक्कत दूर करने जिला महिला विकास कार्यालय द्वारा पांचों ब्लॉक में अफसरों के साथ हेल्पलाइन नम्बर जारी किया है। जिला मुख्यालय में विनोद कुमार साहू – 95759 37302, महासमुंद शहरी शैल नाविक 88714 20920, ग्रामीण में शकुंतला चक्रवर्ती 98261 98865, बागबहरा में मीना चन्द्राकर 95758 77708, पिथौरा में रतन तंवर 77459 40032, बसना में चंद्रहास नाग और सरायपाली में 94064 48368, गैंदराम नारंग 97543 40519 का मोबाइल नम्बर जारी गया है।
फार्म भरने में पिथौरा आगे
जानकारी के अनुसार शुरूआती तीन दिनों में पिथौरा ब्लॉक की महिलाएं महतारी वंदन योजना का फार्म भरने में आगे हैं। यहाँ तीन दिनों में सबसे अधिक 36 हजार 524 फार्म भरा गया है। पहले दिन 2165, दूसरे दिन 19344 और तीसरे दिन 15015 महिलाओं ने फार्म भरा। जिले में दूसरे नंबर पर ब्लॉक बागबाहरा कुल 28 हजार 725 और तीसरे नंबर पर महासमुंद (ग्रामीण) कुल 23 हजार 680 फार्म भरे गए।
च्वाइस सेंटर को चेतावनी
सूत्रों के अनुसार महतारी वंदन योजना के फार्म और आनलाइन आवेदन भरने के लिए कुछ च्वाइस सेंटर अवसर का अधिक लाभ ले रहे हैं। जैसे ही यह शिकायत प्रशासन तक पहुंची तो प्रशासन तुरंत हरकत में आया और महासमुंद ब्लॉक के अछोला के एक च्वाइस सेंटर को चेतावनी दी।



