बजरंग इंडस्ट्रीज के संचालक के माध्यम से 367826 रुपए का चेक प्रदान किया
महासमुंद। अंतत: बजरंग इंडस्ट्रीज महासमुंद के संचालक बजरंग अग्रवाल ने दिवंगत किसान द्वारा बेचे गए धान का भुगतान उनकी पत्नी को किया। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ किसान मजदूर महासंघ के नेतृत्व में मंगलवार को कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और कृषि उपज मंडी कार्यालय महासमुंद का घेराव किया गया। लेकिन, मंगलवार को कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक के साथ मुलाकात न होने से आंदोलकारी किसान कलेक्टोरेट के मुख्य द्वार के सामने रातभर डटे रहे। बुधवार को आंदोलनकारी किसानों के सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रशासन की चर्चा हुई। बाद कलेक्टर नीलेश कुमार क्षीरसागर ने मृतक किसान कांतिलाल साहू की पत्नी भालाबाई साहू को बजरंग इंडस्ट्रीज के संचालक के माध्यम से 367826 रुपए का चेक प्रदान किया। मौके पर एसडीएम उमेश साहू, तहसीलदार रमेश महतो, फर्म की ओर से सन्नी जैन, कन्हारपुरी के सरपंच, कोटवार उत्तम कुमार, सरपंच पति सोमनाथ तोंडेकर मौजूद रहे।
ये था पूरा मामला
सितंबर 2022 में किसान कांतिलाल साहू ने बजरंग इण्डस्ट्रीज कोसरंगी के संचालक सुमित अग्रवाल को 366826 रुपए का धान बेचा था। जिसका भुगतान नहीं किए जाने पर किसान ने 20 अगस्त 2022 को कीटनाशक का सेवन कर लिया। मेकाहारा रायपुर में 24 अगस्त 2022 को उनकी मृत्यु हो गई।