नौकरी की उम्मीद दिखाकर आरोपी ने परिचित से 2.74 लाख रुपये ऐंठ लिए। फर्जी नियुक्ति पत्र देकर ज्वाइनिंग का भरोसा भी दिलाया, लेकिन नौकरी नहीं मिली। शिकायत के बाद पुलिस ने सक्ती जिले से आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
कबीरधाम जिले में पोस्ट ऑफिस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2 लाख 74 हजार रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पंडरिया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने परिचित को असिस्टेंट मैनेजर/असिस्टेंट पोस्ट मास्टर की नौकरी दिलाने का भरोसा देकर अलग-अलग किस्तों में रकम ली और बाद में फर्जी नियुक्ति पत्र देकर ज्वाइनिंग का झांसा दिया। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को सक्ती जिले के मल्दा कला से गिरफ्तार किया।
रकम लेने के बाद आरोपी ने नौकरी के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र भी तैयार कर प्रार्थी को दिया। उसे चिल्फी थाना क्षेत्र के ग्राम सैनगुड़ा में ज्वाइन करने का भरोसा दिलाया गया, लेकिन ज्वाइनिंग नहीं हुई और नौकरी भी नहीं मिली।
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी वर्तमान में उत्तरप्रदेश के गौतमबुद्ध नगर स्थित ग्रेटर नोएडा में रह रहा था। पुलिस ने तकनीकी और सूचना तंत्र की मदद से उसकी तलाश की और सक्ती जिले के मल्दा कला से उसे गिरफ्तार कर लिया।
ठगी की रकम निजी खर्च में उड़ाई
पूछताछ में आरोपी ने ठगी की रकम दिल्ली जाकर निजी खर्च में इस्तेमाल करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने ठगी में इस्तेमाल किए गए लैपटॉप, प्रिंटर, मोबाइल और सिम को नष्ट करने या फेंकने की बात भी बताई। पुलिस ने बची हुई 2 हजार रुपये की रकम 14 सितंबर 2026 को गवाहों की मौजूदगी में जब्त की।



